जयपुर, 4 सितंबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने शुक्रवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में विभिन्न पहलुओ पर अपने विचार व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता को सबसे पहले मैं जन्माष्टमी की बधाई देना चाहूंगा। श्रीकृष्ण हमें हमेशा मार्गदर्शन देते रहे कि हमें किस मार्ग पर चलना है। मैं अपेक्षा रखता हूं कि आगे भी हम उन्हीं के मार्ग पर चलते रहेंगे। हमें पूरा विश्वास है कि भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद बना रहे।
साथ ही, उन्होंने सनातन धर्म के संदर्भ में किसी भी प्रकार की अशोभनीय टिप्पणी को अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा कि किसी को भी कोई हक नहीं है कि वह हमारे सनातन धर्म पर किसी भी प्रकार की अपमानजनक टिप्पणी करें। आखिर किसी को कैसे यह अधिकार मिल सकता है कि वह किसी समाज के बारे में इस तरह की अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करें। अफसोस की बात है कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से ही ऐसे लोगों को मंच देने का काम किया है। ऐसी स्थिति में कांग्रेस पार्टी से यही सवाल करना चाहूंगा कि क्या आप इस तरह की अमर्यादित टिप्पणी करने वाले लोगों की भत्सर्ना करेंगे। क्या आप कांग्रेस पार्टी सामने आकर बोलेगी कि यह गलत है? बिल्कुल नहीं बोलेगी।
वहीं, उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि यह कहना गलत नहीं होगा कि आज की तारीख में कांग्रेस पार्टी कलह के रूप में तब्दील हो चुकी है। उधर, अगर भाजपा की बात करें, तो यह पार्टी हमेशा से ही भाईचारे पर ही बल देती हुई आई है। हमारी पार्टी ने आज तक भाईचारे के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया है। कांग्रेस को जहां भी मौका मिलता है, वहां ये लोग मलाई खाने पर आमादा हो जाते हैं। मुझे यह कहने में कोई गुरेज नहीं है कि कांग्रेस को कभी-भी आम जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं रहा है।
उन्होंने कहा कि आज की तारीख में कांग्रेस का दायरा लगातार संकुचित होता जा रहा है। मैं एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि जब तक कांग्रेस पार्टी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं लाएगी, तब तक धरातल पर उसकी स्थिति दुरूस्त होने वाली नहीं है। कांग्रेस का मनोबल खत्म हो चुका है। कांग्रेस को आत्मचिंतन करना है। लेकिन, इतना साफ है कि कांग्रेस को राजस्थान की जनता मौका नहीं देने वाली नहीं है।
रोहन गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना कांग्रेस की रीति नीति बन चुकी है। यह किसी एक व्यक्ति की बात नहीं है। जनता ने कांग्रेस को अच्छे से समझ लिया है। इन्हें मौका नहीं दिया जा सकता है।
--आईएएनएस
एसएचके/एएस







