चंडीगढ़, 1 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब सरकार ने कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। राज्यपाल के आदेश पर किए गए इस बदलाव के तहत कई जिलों के एसएसपी बदले गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को महत्वपूर्ण पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
गुरप्रीत सिंह भुल्लर को आईजीपी बॉर्डर रेंज, अमृतसर नियुक्त किया गया है, जबकि हरमनबीर सिंह को पुलिस कमिश्नर, अमृतसर के पद पर तैनात किया गया है।
एसएसपी मानसा रहे भागीरथ सिंह मीणा को एआईजी पर्सोनल-1, सीपीओ पंजाब बनाया गया है। उनकी जगह वैभव चौधरी को एसएसपी मानसा की जिम्मेदारी दी गई है।
पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) के एसएसपी की अदला-बदली भी की गई है। वरुण शर्मा को एसएसपी एसएएस नगर नियुक्त किया गया है, जबकि हरमनदीप सिंह हंस को एसएसपी पटियाला बनाया गया है।
वहीं, सुहैल कासिम मीर को एसएसपी बठिंडा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बठिंडा की एसएसपी रहीं ज्योति यादव को स्थानांतरित कर कमांडेंट, 82वीं बटालियन पीएपी, चंडीगढ़ नियुक्त किया गया है।
सरकार ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदों का कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि ये तबादले प्रशासनिक आधार पर सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद किए गए हैं।
इससे पहले पंजाब सरकार ने अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर का तबादला कर दिया था। उनकी जगह बॉर्डर रेंज के डीआईजी हरमनबीर सिंह गिल को अमृतसर पुलिस कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
आधिकारिक आदेश के अनुसार, गुरप्रीत सिंह भुल्लर को तत्काल प्रभाव से पद से हटाकर चंडीगढ़ स्थित पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कार्यालय में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया। यह तबादला ऐसे समय में हुआ, जब अमृतसर पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था।
पुलिस ने इस कार्रवाई में चार नाबालिगों समेत नौ लोगों को पकड़ा था। उनके पास से हथियार बरामद हुए थे, उनमें चार पेट्रोल बम भी शामिल थे। जांच में सामने आया था कि आरोपी विदेश में बैठे आईएसआई हैंडलर्स के इशारे पर काम कर रहे थे और स्थानीय युवाओं की भर्ती, सुरक्षा प्रतिष्ठानों की रेकी, अवैध हथियारों की खरीद तथा शांति भंग करने की साजिश रच रहे थे।
विवाद तब खड़ा हुआ जब पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर की प्रेस कॉन्फ्रेंस के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इन वीडियो के आधार पर जंतर मंतर पर चल रहे प्रदर्शनों को आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल से जोड़ने की कोशिश की गई।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी







