Advertisement banner

पीएम मोदी के निर्देश पर बिहार दौरे पर शिवराज सिंह चौहान, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का करेंगे हवाई और जमीनी सर्वे

बाढ़ प्रभावित किसानों के साथ केंद्रीय मंत्री की मुलाकात और समस्याओं का संज्ञान
पीएम

पटना, 15 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में बाढ़ से बने हालात के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 16 सितंबर को बिहार के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई और जमीनी दोनों स्तर पर जायजा लेंगे।

सरकार की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, शिवराज सिंह चौहान के साथ केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भी मौजूद रहेगी। संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार ने साफ किया है कि वह बिहार के किसानों और आम लोगों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

तय कार्यक्रम के अनुसार, शिवराज सिंह चौहान भोपाल से पटना पहुंचेंगे। सुबह 10:30 बजे वे पटना स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर द्वारा दिघवारा और मनेर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे हाजीपुर पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे, जहां से सड़क मार्ग द्वारा तेरसिया और सरायपुर गांवों का दौरा करेंगे। यहां वे खुद खेतों में उतरकर फसलों को हुए नुकसान का निरीक्षण करेंगे और किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के बाद शिवराज सिंह गांधी सेतु होते हुए दोपहर 12:15 बजे 'संवाद', मुख्यमंत्री सचिवालय पटना पहुंचेंगे। यहां वे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन, राहत और बचाव कार्यों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। इसमें किसानों को दी जाने वाली सहायता पर भी चर्चा होगी।

दोपहर डेढ़ बजे पटना से प्रस्थान कर शिवराज सिंह करीब सवा दो बजे मुंगेर के नवाबगढ़ी पहुंचेंगे, जहां वे राहत शिविर में बाढ़ पीड़ितों से व्यक्तिगत रूप से मिलेंगे और राहत कार्यों की गुणवत्ता परखेंगे।

इसके बाद वे सड़क मार्ग से भागलपुर होते हुए नवगछिया के कोजीकरैया बांध का निरीक्षण करेंगे। शाम को भागलपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित राहत शिविर में जाकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। रात्रि विश्राम वे भागलपुर राजकीय अतिथिशाला में करेंगे और 17 सितंबर की सुबह फिर से प्रभावित लोगों से मिलने के बाद पटना के लिए रवाना होंगे।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी