नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को देशभर में उत्सव का माहौल है। भाजपा ने इस दिन को 'सेवा दिवस' के रूप में मनाते हुए 'सेवा संकल्प अभियान' का शुभारंभ किया है। देश के अलग-अलग राज्यों से भाजपा नेताओं, मंत्रियों और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री को बधाई दी और उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विकसित, सशक्त एवं गौरवशाली भारत के संकल्प को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर ऊर्जा प्रदान करें तथा उनका मार्गदर्शन देश को सदैव मिलता रहे। उन्होंने बताया कि आज उनके जन्मदिवस को 'सेवा दिवस' के रूप में मनाते हुए सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ हो रहा है। साथ ही आज रात को 'आशीर्वाद का दीया' भी जलाया जाएगा।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प और सेवा के लिए समर्पित सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू किया है। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें पार्टी द्वारा तैयार किए गए सेवा कार्यक्रम, रचनात्मक कार्यक्रम और जनसंपर्क कार्यक्रम शामिल हैं।"
बिहार सरकार के मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा, "यह 140 करोड़ लोगों का देश है, दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस लोकतंत्र के सजग प्रहरी हैं, भारत के गरीबों के मसीहा हैं। पीएम मोदी ने भारत को वैश्विक पहचान दिलाई है और वे आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। यह दिन भारत के साहस और उसके मूल्यों का प्रतीक है। मेरा मानना है कि आज करोड़ों लोग दीये जलाएंगे और प्रधानमंत्री को आशीर्वाद देंगे।"
बिहार सरकार की मंत्री श्रेयसी सिंह ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा के रूप में मनाया। उन्होंने कहा, "आज प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिन पर, हम सभी भाई-बहनों ने युवा मोर्चा के साथ मिलकर यह रक्तदान शिविर आयोजित किया और खुद रक्तदान कर इस पहल को मजबूत किया।"
वहीं, पटना के जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी 'सेवा संकल्प अभियान' आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन एयरपोर्ट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया था और इसमें बीजेपी विधायक और एनडीए के चीफ व्हिप संजीव चौरसिया शामिल हुए। संजीव चौरसिया ने कहा, "जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तरफ से 'सेवा संकल्प अभियान' चलाया जा रहा है। इसके लिए बधाई। प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिन के मौके पर बहुत-बहुत बधाई और धन्यवाद।"
भाजपा विधायक अश्वनी कुमार शर्मा ने कहा, "आज प्रधानमंत्री 76 साल के हो गए हैं और मैं उन्हें दिल से बधाई देता हूं। जिस तरह से उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में लंबे समय से देश की सेवा की है, चाहे मुख्यमंत्री के तौर पर हो या प्रधानमंत्री के तौर पर, कई बाधाएं आईं और देश ने कोविड-19 संकट का भी सामना किया। इसके बावजूद, जिस तरह से उन्होंने देश का नेतृत्व किया है, चाहे वह 'ऑपरेशन सिंदूर' हो, उन्होंने भारत माता का मान-सम्मान और गौरव बढ़ाया है।"
वहीं, जम्मू-कश्मीर में बीजेपी विधायक विक्रम रंधावा ने कहा, "प्रधानमंत्री हमेशा आतंकवाद के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' के लिए प्रतिबद्ध रहे हैं। आज प्रधानमंत्री का जन्मदिन भी है और देश भर में नागरिक और बीजेपी कार्यकर्ता इस मौके पर कई तरह के सेवा कार्य कर रहे हैं।"
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई, जिले के अलग-अलग ब्लॉक और इलाकों में कई कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री का जन्मदिन मना रहे हैं।
उधर, पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर में मुख्य पुजारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाया और विशेष पूजा-अर्चना की।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम







