भुवनेश्वर, 9 सितंबर (आईएएनएस)। बीजू जनता दल (बीजेडी) के विपक्ष के उपनेता प्रसन्ना आचार्य ने एमएमडीआर अमेंडमेंट एक्ट 2026 का विरोध किया। साथ ही, उन्होंने ओडिशा को बड़े रेवेन्यू नुकसान की चेतावनी दी और इसे रद्द करने की मांग की।
प्रसन्ना आचार्य ने इस संबंध में बुधवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि हमने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा और उनसे आग्रह किया कि वह इसे राष्ट्रपति को भेज दें। आप सभी को मालूम है कि अभी संसद में एमएमडीआर अमेंडमेंट एक्ट 2026 बिल पेश हुआ है। इससे ओडिशा जैसे राज्यों को आर्थिक रूप से काफी नुकसान होगा। हमारे राज्य को एक लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। इसके अलावा, हमें हर साल 12 से 15 हजार करोड़ रुपए का नुकसान होगा।
उन्होंने कहा कि मैं समझता हूं कि ओडिशा जैसे राज्यों के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। हमें समझ में नहीं आता है कि आखिर भारत सरकार का क्या इरादा है? केंद्र सरकार राज्यों को शक्तिशाली करने के बजाय उसे कमजोर करने की कोशिश कर रही है, लेकिन हमें यह रुख पसंद नहीं है। इस तरह की स्थिति को हम बिल्कुल भी पसंद नहीं करते हैं। इसे लेकर हमने विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है। इसे लेकर ओडिशा के लोग भी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नवीन पटनायक ने भी सीएम को इस बारे में चर्चा के लिए विधानसभा का स्वतंत्र अधिवेशन बुलाने का आग्रह किया है, ताकि उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हो सके। हालांकि, अफसोस की बात यह है कि अभी तक सरकार की ओर से इस संबंध में कोई ठोस फैसला नहीं किया गया है। जब तक केंद्र सरकार की ओर से इस संबंध में फैसला नहीं ले लिया जाता है, तब तक ओडिशा के लोगों की ओर से विरोध प्रदर्शन का सिलसिला जारी रहेगा। उधर, राज्यपाल ने हमें आश्वासन दिया है कि हमारे ज्ञापन को राष्ट्रपति को भेज दिया जाएगा।
--आईएएनएस
एसएचके/डीकेपी







