Advertisement banner

ओडिशा: भुवनेश्वर और भद्रक में अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत

ओडिशा में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत
ओडिशा:

भुवनेश्वर, 16 सितंबर (आईएएनएस)। ओडिशा के भद्रक जिले के चांदबाली पुलिस स्टेशन इलाके के पाइकारापुर गांव में बुधवार तड़के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी।

पुलिस ने मृतक पत्नी की पहचान 40 वर्षीय कामलिनी पति के तौर पर की है। यह जोड़ा चांदबाली के पाइकारापुर में अपने तीन बच्चों के साथ रहता था। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि आरोपी पति विजय गुजारा करने के लिए दिहाड़ी मजदूर का काम करता था।

एक पड़ोसी ने बुधवार को मीडिया को बताया कि आरोपी पति ने शराब के नशे में यह अपराध किया। वह अक्सर अपनी पत्नी से झगड़ा करता रहता था। जब हमने पूछा, तो उसने झगड़े के बाद अपनी पत्नी की हत्या करने की बात कबूल कर ली।

आरोपी पिछले दो दिनों से घर से बाहर था, कथित तौर पर मंगलवार रात नशे की हालत में घर लौटा। इसके बाद, पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हुई जो जल्द ही हिंसक हो गई और विजय ने गुस्से में आकर कथित तौर पर अपनी पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी।

बाद में उसने खुद ही अपने रिश्तेदारों और गांव वालों को पूरी बात बताई, जिन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर चांदबाली पुलिस स्टेशन के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।

इस बीच, मंगलवार देर रात भुवनेश्वर के चंदाका पुलिस स्टेशन इलाके के महूला गांव में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना तब घटी जब उसके छोटे भाई ने कथित तौर पर उस पर बम फेंका।

मंगलवार शाम शराब के नशे में दोनों भाइयों के बीच झगड़ा हो गया। बाद में, गुस्से में आकर उन्होंने कथित तौर पर एक-दूसरे को मारने के लिए जंगली जानवरों को डराने-भगाने के लिए रखे गए बमों का इस्तेमाल किया। इस हमले में बड़े भाई मोहन पाढ़ी की मौत हो गई, जबकि छोटे भाई मदन पाढ़ी का हाथ कट गया।

मीडिया से बात करते हुए भुवनेश्वर के डीसीपी जगमोहन मीना ने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच मामूली बात पर झगड़ा हुआ था। बाद में उन्होंने एक-दूसरे पर देसी बम फेंके। यह भी पता चला है कि गांव जंगली इलाके में होने के कारण, भाइयों ने जंगली जानवरों को डराने के लिए बम रखे थे।

एक-दूसरे पर हुए बम हमले में बड़े भाई मोहन पाढ़ी की मौत हो गई, जबकि छोटा भाई मदन पाढ़ी गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि मदन का अभी कैपिटल हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

--आईएएनएस

एमएस/