Advertisement banner

नवादा पुलिस की हत्या मामले में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी के घर छापेमारी, दो गिरफ्तार

हत्या

नवादा, 3 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के नवादा के पांचूगढ़ गोलीकांड में पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के घर छापेमारी करने के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नवादा के हिसुआ थाना क्षेत्र के पांचूगढ़ गांव में मंगलवार को दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में एक युवक प्रणय भारती की मौत हो गई थी। इस मामले में नवादा पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि मृतक के परिजनों के आवेदन पर हिसुआ थाना कांड संख्या 508/26 बुधवार को दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी मगध क्षेत्र गया के आदेश पर एसपी नवादा के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

गुरुवार को एसआईटी टीम में एसडीपीओ सदर-1, एसडीपीओ सदर-2, एसएचओ हिसुआ, डीआईयू टीम और सशस्त्र बल के साथ मुख्य अभियुक्त नीरज कुमार उर्फ कारू के बगोदर स्थित आवासीय घर पर छापामारी की गई। छापेमारी में अहम दस्तावेज बरामद हुए हैं।

इसके अलावा, पुलिस ने दो प्राथमिक अभियुक्तों को जख्मी हालत में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन कुमार उर्फ पचाही (बगोदर) और अखिलेश कुमार (भदसेनी) के रूप में हुई है। दोनों का नवादा के क्रेडेंस अस्पताल में पुलिस हिरासत में इलाज चल रहा है।

बरामद दस्तावेजों के आधार पर अभियुक्तों की अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति की जांच की जा रही है। जांच के बाद बीएनएसएस की धारा 107 के तहत संपत्ति जब्त की जाएगी। वहीं, कोर्ट से वारंट, इश्तिहार और कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद जातीय उन्माद फैलाने के लिए सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट किए जा रहे हैं, जिन पर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। इसके अतिरिक्त, नवादा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे पोस्ट पर ध्यान न दें और इसकी जानकारी पुलिस को दें।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम