Advertisement banner

निशु आजाद केस में गिरफ्तार स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया

निशु

नई दिल्ली, 5 सितंबर (आईएएनएस)। निशु आजाद केस में खुद को इन्फ्लुएंसर बताने वाले स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया। भारद्वाज ने दावा किया था कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान उसने एक छात्र प्रदर्शनकारी के पिता से मारपीट की थी।

पुलिस ने भारद्वाज को पटियाला हाउस कोर्ट के जज के घर पर पेश किया। इसके बाद कोर्ट ने स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

एक दिन पहले, दिल्ली पुलिस ने भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में हिरासत में लिया था। शुक्रवार को नई दिल्ली में पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने भरोसा दिलाया था कि वे आरोपी को पॉक्सो एक्ट, एससी/एसटी एक्ट और हत्या की कोशिश की धाराओं के तहत 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार करेंगे।

सीजेपी के इस विरोध प्रदर्शन में सांसद चंद्रशेखर, पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव और इंडियन यूथ कांग्रेस भी शामिल हुए।

एक वायरल वीडियो में भारद्वाज के यह दावा करने के बाद विवाद खड़ा हो गया कि उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान एक नाबालिग प्रदर्शनकारी निशु आजाद के पिता के साथ मारपीट की थी और डींग मारी थी कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया क्योंकि उनके राजनीतिक संबंध हैं।

प्रदर्शनकारियों ने स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कड़ी धाराओं में एफआईआर दर्ज करने और आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की थी।

इस बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने शुक्रवार को दावा किया कि वायरल वीडियो में आरोपी ने उनके नाम का गलत इस्तेमाल किया है। उन्होंने स्वतंत्र भारद्वाज नाम के आरोपी के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है और वे नाबालिग पीड़िता और उसके परिवार को न्याय दिलाना सुनिश्चित करेंगे।

पटना में मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि इस मामले की गंभीरता को समझते हुए और इसलिए कि उस व्यक्ति ने कई राजनेताओं के नामों के साथ-साथ मेरे नाम का भी गलत इस्तेमाल किया है, मैंने उसके खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही, मैंने दिल्ली पुलिस से आग्रह किया है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

इसके अलावा पासवान ने कहा कि मैं और मेरी पार्टी उन्हें न्याय दिलाने की जिम्मेदारी लेते हैं, क्योंकि मुझ पर आरोप लगाए गए हैं कि शायद मेरे और अन्य राजनेताओं के समर्थन के कारण आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। इसलिए अब हम यह सुनिश्चित करेंगे कि सच्चाई सामने आए और उस आरोपी को कड़ी सजा मिले जो खुलेआम कानून व्यवस्था का मजाक उड़ा रहा था।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी