वडोदरा, 6 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पहले हफ्ते भर चलने वाले कार्यक्रमों के तहत, वडोदरा में 'नमो फॉर विकसित भारत' प्रोग्राम के तहत एक स्वच्छता साइक्लोथॉन आयोजित की गई। वडोदरा म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की ओर से आयोजित इस रैली ने निवासियों के बीच स्वच्छता, स्वस्थ जीवन, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक भागीदारी को बढ़ावा दिया।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए भाजपा सांसद हेमांग जोशी ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी 8 सितंबर को वडोदरा आ रहे हैं। पूरा शहर और जिला उनके आने का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। पिछले हफ्ते सफाई अभियान, सेवा कार्य, साइक्लोथॉन और पदयात्रा जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। कई यूनिवर्सिटीज में युवाओं के साथ 'विकसित भारत' पर चर्चा भी हुई।"
हेमांग जोशी ने कहा कि लोगों में उत्साह कितना है, इससे ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि जब ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के माध्यम से इनवाइट शुरू किया गया तो चंद घंटों में ही पूरे इनवाइट्स फुल हो गए। अभी तो 35 हजार से ज्यादा लोग वेटिंग में हैं। प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए वडोदरा उत्साहित है और 'नमो फॉर विकसित भारत' कार्यक्रम न तो भविष्य में हुआ है और न तो आगे होगा। यह एक विशिष्ट कार्यक्रम होने जा रहा है।
वहीं, गुजरात के सूरत में 'फिट इंडिया' के 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम का 89वां संस्करण आयोजित किया गया। इसमें केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया और गुजरात के उपमुख्यमंक्षी हर्ष संघवी ने "विकसित भारत के लिए नशा-मुक्त युवा" थीम के तहत हजारों युवाओं के साथ साइकिल चलाई।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "आज सूरत में 'संडे साइक्लिंग' का 89वां संस्करण आयोजित किया गया। विकसित भारत के लिए नशा-मुक्त युवा पीढ़ी का संदेश देने के मकसद से आज देश भर में 25,000 से ज्यादा जगहों पर युवाओं ने 'संडे साइक्लिंग' में हिस्सा लिया।"
--आईएएनएस
एसडी/पीएम






