Advertisement banner

नई दिल्ली : ई-रिक्शा चालक की हत्या मामले में पुलिस की कार्रवाई, 2 महिला सहित 5 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में ई-रिक्शा चालक की हत्या मामले में 5 गिरफ्तार
ई-रिक्शा

नई दिल्ली, 14 सितंबर (आईएएनएस)। ई-रिक्शा चालक की हत्या के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 महिलाओं सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दरअसल, बाहरी उत्तरी दिल्ली के शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने ई-रिक्शा चालक की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू के साथ दोनों वाहनों और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर की रात रोहिणी सेक्टर-28 स्थित नवनिर्मित आयुर्वेद अस्पताल के पास मामूली सड़क हादसे के बाद विवाद शुरू हुआ था। मोटरसाइकिल और स्कूटी की टक्कर के बाद कहासुनी हुई, जिसमें ई-रिक्शा चालक अभिषेक बीच-बचाव करने पहुंचा।

आरोप है कि विवाद के दौरान हिमांशु की अभिषेक से हाथापाई हुई, जिसके बाद अभिषेक ने उसे थप्पड़ मार दिया और उसका गला पकड़ लिया। इसी दौरान अनुज ने पीछे से अभिषेक को पकड़ लिया, जबकि सचिन उर्फ संतोष ने कथित तौर पर चाकू से अभिषेक पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अभिषेक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की और लगातार जांच के बाद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में 19 वर्षीय अनुज, 21 वर्षीय हिमांशु, 22 वर्षीय सचिन उर्फ संतोष, 19 वर्षीय नंदिनी तिवारी और 18 वर्षीय कुंती उर्फ वंशिका शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, हिमांशु की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू और उसकी मोटरसाइकिल, जबकि सचिन की स्कूटी बरामद की गई है। इसके साथ पुलिस ने वारदात के दौरान पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं। वहीं, पुलिस की ओर से मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों की व्यक्तिगत भूमिका को लेकर कानूनी कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम