नागपुर, 30 अगस्त (आईएएनएस)। नागपुर के जापानी गार्डन रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार इनोवा कार अनियंत्रित होकर गार्डन की दीवार से जा टकराई। हादसे से पहले कार ने सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे एक बुजुर्ग को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, सुबह के समय जापानी गार्डन रोड पर लोग मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने बुजुर्ग को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर गार्डन की दीवार से जा भिड़ी।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल से तेज रफ्तार में दो अन्य कारें भी निकल गईं। पुलिस को आशंका है कि तीनों कारों के बीच रेसिंग हो रही थी। इसी दौरान एक कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हालांकि, रेसिंग की बात की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे वाली कार में एक व्यक्ति फंस गया था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उसे कार से बाहर निकाला। घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने कार में सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में कार सवारों के शराब के नशे में होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, उन्होंने शराब पी रखी थी या नहीं, इसकी पुष्टि जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद ही हो सकेगी।
गिट्टीखदान पुलिस स्टेशन के पीआई सागर मिरासे ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि कार सवारों ने शराब का सेवन किया था या नहीं और क्या तीनों कारों के बीच रेसिंग चल रही थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच तेज कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हादसे से पहले कारों की गतिविधियों और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
मृतक कैलाश सौंधिया की बहू पूर्णिमा ने आईएएनएस को बताया, "किसी ने हमें फोन करके बताया कि वहां एक दुर्घटना हुई है। हम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर हमें पता चला कि उनकी मृत्यु हो चुकी है।"
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद वाहन में सवार तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। ऐसा लगता है कि वे नशे के आदी हैं, क्योंकि अच्छे लोग इस तरह गाड़ी नहीं चलाते। हम मांग करते हैं कि आरोपियों को सजा दी जाए।
--आईएएनएस
एसएके/डीएससी







