Advertisement banner

नोएडा में वाहन चोर गिरोह का खुलासा, चोरी की 11 बाइक और अवैध हथियारों के साथ दो गिरफ्तार

नोएडा

नोएडा, 9 सितंबर (आईएएनएस)। नोएडा के फेज-2 थाने की पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 11 मोटरसाइकिलें, एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिल्ली-एनसीआर में कॉलोनियों, कंपनियों के आसपास, साप्ताहिक बाजारों और दुकानों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। चोरी किए गए वाहनों का इस्तेमाल लूट समेत अन्य आपराधिक वारदातों में करने के साथ-साथ उन्हें बेचकर आर्थिक लाभ कमाया जाता था।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को थाना फेज-2 पुलिस टीम ने चेकिंग और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा कट के पास सेक्टर-88 से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्ण उर्फ लेफ्टी पुत्र पप्पू बंजारा, उम्र 29 वर्ष, निवासी बड़ागांव, थाना हरदुआगंज, अलीगढ़, हाल पता कुलेसरा, थाना ईकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर और मोहित पुत्र रामसिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी भदेधू, थाना राजापुर, चित्रकूट, हाल पता नगला चरणदास, थाना फेस-2, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में रेकी कर मोटरसाइकिलों को चोरी करते थे। खास तौर पर कॉलोनियों, औद्योगिक और कंपनी क्षेत्रों, साप्ताहिक बाजारों तथा दुकानों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाया जाता था। चोरी के बाद इन वाहनों को या तो बेच दिया जाता था या फिर आपराधिक वारदातों में इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने पास अवैध हथियार भी रखते थे, ताकि किसी वारदात के दौरान विरोध करने वाले लोगों को डराया-धमकाया जा सके।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 11 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस जांच में दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। कृष्ण उर्फ लेफ्टी के खिलाफ थाना ईकोटेक-3 और फेज-2 नोएडा के अलावा दिल्ली के गाजीपुर ईस्ट और अमर कॉलोनी थाने में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। उसके खिलाफ चोरी का माल रखने, आर्म्स एक्ट, डकैती, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। वर्ष 2026 में भी उसके खिलाफ दिल्ली और नोएडा में वाहन चोरी और हथियारों से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

वहीं, मोहित के खिलाफ भी थाना फेज-2 नोएडा में आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा, वर्ष 2026 में दिल्ली के गाजीपुर ईस्ट और अमर कॉलोनी तथा थाना फेज-2 में वाहन चोरी और हथियारों से संबंधित मामले दर्ज बताए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में दर्ज मुकदमों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने दिल्ली-एनसीआर में कितने अन्य वाहन चोरी किए हैं और चोरी की मोटरसाइकिलों को किन लोगों को बेचा जाता था। बरामद वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबरों के आधार पर उनके वास्तविक मालिकों और संबंधित मुकदमों की भी पुष्टि की जा रही है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी