Jalna Municipal Election : जालना नगर निगम में एमवीए बनाएगी मेयर: हर्षवर्धन सपकाल

जालना में MVA का जोरदार प्रचार, कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों पर भरोसा
जालना नगर निगम में एमवीए बनाएगी मेयर: हर्षवर्धन सपकाल

जालना: कांग्रेस की महाराष्ट्र ईकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने दावा किया है कि महाविकास अघाड़ी (एमवीए) जालना नगर निगम में मेयर बनाएगी।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार का दौर अभी शुरू हुआ है और आने वाले दिनों में बड़े नेता प्रचार के लिए मैदान में उतरेंगे। फिलहाल, महाविकास अघाड़ी का जोर डोर-टू-डोर अभियान पर है।

हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि महाविकास अघाड़ी के भीतर बातचीत का दौर थोड़ा लंबा चला, लेकिन कांग्रेस पार्टी की ओर से सभी सहयोगी दलों के साथ समन्वय बनाने का प्रयास किया गया। उन्होंने माना कि कम्युनिकेशन गैप जरूर देखने को मिला, लेकिन अब स्थिति स्पष्ट है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने टिकट वितरण को लेकर कहा, “किसे टिकट मिलेगा, इसका फैसला मेरिट लिस्ट और उम्मीदवारों के प्रदर्शन व क्षमता के आधार पर किया गया है। पार्टी के अधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए सोच-समझकर निर्णय लिया गया है।”

सपकाल ने कहा, “भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विलासराव देशमुख के सभी साथियों के नाम हटा दिए जाने चाहिए। यह बयान उनकी मानसिकता को दर्शाता है।”

उन्होंने दोहराया कि महाविकास अघाड़ी जालना में पूरी मजबूती से चुनाव लड़ रही है। उन्‍होंने कहा कि हमें पूरा भरोसा है कि कांग्रेस समर्थित महाविकास अघाड़ी का ही मेयर चुना जाएगा। प्रचार अभी शुरू हुआ है और हम घर-घर जाकर लोगों से मिलने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।

हर्षवर्धन सपकाल ने पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी में जिसे जाना है, वह स्वतंत्र है। जिन 12 लोगों ने कांग्रेस छोड़ी है, उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।”

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस मुक्त भारत की बात करने वाली भाजपा आज कांग्रेस युक्त भारत बन गई है।”

सपकाल ने प्रदेश सरकार पर भी हमला बोला और आरोप लगाया कि महाराष्ट्र में भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है।

--आईएएनएस

 

 

Related posts

Loading...

More from author

Loading...