Advertisement banner

बिहार: पैसों के विवाद में तेजाब से हमला, एक ही परिवार के पांच समेत छह लोग झुलसे, एसआईटी गठित

बिहार:

मोतिहारी, 31 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र में पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान तेजाब जैसे पदार्थ के इस्तेमाल से एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह लोग झुलस गए। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि अनुसार, घटना केसरिया थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार, वार्ड संख्या-9 में हुई। पैसे के लेन-देन को लेकर अमित कुमार उर्फ बिट्टू और प्रवीण प्रकाश सिंह उर्फ गुंजन सिंह के बीच विवाद की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रवीण प्रकाश सिंह उर्फ गुंजन सिंह स्वर्णकार अमित कुमार उर्फ बिट्टू के घर पहुंचे थे। वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और तीखी बहस हुई। इसी दौरान अमित कुमार के घर में चांदी साफ करने के लिए रखा एसिड जैसा पदार्थ इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई।

इस घटना में दोनों पक्षों के कुछ लोग झुलस गए। घायलों में अमित कुमार उर्फ बिट्टू, उनके तीन बच्चे यश कुमार, सक्षम कुमार और आरूष कुमार तथा परिवार की एक महिला शामिल हैं।

दूसरे पक्ष से प्रवीण कुमार सिंह उर्फ गुंजन सिंह भी झुलसे हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, घटना की गंभीरता को देखते हुए चकिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस अधीक्षक, मोतिहारी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। साथ ही मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया और सुरक्षा व्यवस्था के लिए मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति भी की गई है। इस मामले में अमित कुमार की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर केसरिया थाना कांड संख्या 321/26 दर्ज किया गया है।

पुलिस ने चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। इनमें गुंजन सिंह उर्फ प्रवीण प्रकाश, प्रभात प्रकाश, सुधांशु रंजन उर्फ रंजन सिंह और श्रवण कुमार शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों तथा दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी