Advertisement banner

एमईसीएल भर्ती 2026: अकाउंटेंट सहित 122 पदों पर वैकेंसी का नोटिफिकेशन जारी, आवेदन 12 सितंबर से

एमईसीएल

पुणे, 3 सितंबर (आईएएनएस)। मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड (एमईसीएल) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, एमईसीएल ने अकाउंटेंट सहित विभिन्न 122 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

एमईसीएल की ओर से जारी 122 रिक्तियों में अकाउंटेंट के 6, टेक्नीशियन (सर्वे) के 12, टेक्नीशियन (सैंपलिंग) के 7, टेक्नीशियन (लैबोरेटरी) के 2, असिस्टेंट (मटीरियल्स) के 16, असिस्टेंट (अकाउंट्स) के 10, स्टेनोग्राफर (इंग्लिश) के 4, असिस्टेंट (हिंदी) का 1, इलेक्ट्रीशियन के 7, मशीनिस्ट के 2, टेक्नीशियन (ड्रिलिंग) के 12, मैकेनिक का 1, मैकेनिक-कम-ऑपरेटर (ड्रिलिंग) के 30, जूनियर ड्राइवर के 6, असिस्टेंट (आईटी) के 3 और असिस्टेंट (एचआर) के 3 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 12 सितंबर से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 11 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार एमईसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पदों के लिए आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद के अनुसार ग्रेजुएशन और इंटरमीडिएट सीए/आईसीडब्ल्यूए पास; सर्वेक्षण में आईटीआई या सर्वेक्षण में डिप्लोमा; बीएससी (केमिस्ट्री/फिजिक्स/जियोलॉजी); गणित के साथ ग्रेजुएशन या बीकॉम; ग्रेजुएशन (हिंदी और अंग्रेजी विषयों के साथ) या अंग्रेजी में डिग्री और एडवांस हिंदी में समकक्ष परीक्षा पास की हो; आईटीआई; 10वीं कक्षा पास और वैध एलएमवी और एचएमवी लाइसेंस; बीसीए/बीसीएस/बीसीसीए/बीएससी (कंप्यूटर साइंस/आईटी/कंप्यूटर एप्लीकेशन)/बैचलर ऑफ इन्फॉर्मेशन सिस्टम एंड मैनेजमेंट (बीआईएसएम) की डिग्री; बीए/बीकॉम/बीएससी/बीबीए/बीबीएम/बीएसडब्ल्यू आदि योग्यता होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित एक से तीन वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।

आवेदकों की अधिकतम आयु सभी पोस्ट के लिए 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता, संबंधित अनुभव (जहां लागू हो) और उपयुक्त विशेषज्ञता के आधार पर उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग, लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन, कौशल परीक्षण/ट्रेड टेस्ट और मेडिकल फिटनेस के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 19,600 से 55,900 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे। आवेदक ध्यान दें कि सभी टेस्ट केवल नागपुर शहर में ही आयोजित किए जाएंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी/पूर्व-सैनिक और विभागीय उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

--आईएएनएस

डीके/पीएम