Advertisement banner

मुजफ्फरनगर गैंगरेप केस: पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी घायल, गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

मुजफ्फरनगर

मुजफ्फरनगर, 6 सितंबर (आईएएनएस)। मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी की रात एक नाबालिग युवती के साथ कथित गैंगरेप के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया और बाद में न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, जन्माष्टमी की रात थाना छपार क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग युवती मंदिर में भोग लगाने गई थी। आरोप है कि मंदिर से लौटते समय गांव के ही एक किशोर ने फोन कर उसे बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया, जहां उसके अन्य साथी भी मौजूद थे। आरोप है कि वहां तीनों ने युवती के साथ दुष्कर्म किया।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर थाना छपार में पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पहले ही अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया था, जबकि दो अन्य आरोपी फरार चल रहे थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। रविवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी रेता नंगला के जंगल क्षेत्र में भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया।

पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दोनों आरोपी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि नाबालिग युवती के साथ गैंगरेप की घटना में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शेष दो आरोपियों को भी मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर में किसी भी नाबालिग बच्ची या महिला के साथ अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

घटना के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल भी पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे थे। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया था कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने कहा कि पुलिस इस मामले में लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है और महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी