मुंबई, 15 सितंबर (आईएएनएस)। मुंबई पुलिसकर्मियों से गणपति महोत्सव के दौरान अभद्रता करने के आरोप में दंपति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। यह मुकदमा कालाचौकी पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया। पुलिस का आरोप है कि महिला ने पुलिसकर्मियों से बहस करते हुए अपशब्दों का इस्तेमाल किया।
मुंबई के लालबाग इलाके में गणपति बंदोबस्त के दौरान पुलिस के निर्देशों का पालन नहीं करने और पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करने के आरोप में पति-पत्नी के खिलाफ मुंबई की कालाचौकी पुलिस स्टेशन ने एफआईआर दर्ज की है।
एफआईआर के मुताबिक, शिकायतकर्ता शुभांगी बालनाथ शेलके पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और 13 सितंबर की रात से लालबाग गणपति बंदोबस्त में तैनात थीं, 14 सितंबर की सुबह करीब 7:20 बजे पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सड़क पर मौजूद लोगों को रास्ते में खड़े नहीं रहने और आगे बढ़ने की हिदायत दे रहे थे। इसी दौरान एक महिला और पुरुष ने पुलिस के निर्देशों का पालन नहीं किया।
पुलिस का आरोप है कि महिला ने पुलिसकर्मियों से बहस करते हुए अपशब्दों का इस्तेमाल किया। शिकायत में महिला के हवाले से पुलिस को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और गाली-गलौज कर विवाद करने का आरोप लगाया गया है। मौके पर मौजूद महिला पुलिस अधिकारी और अन्य कर्मचारियों ने उन्हें कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर पुलिस की बात नहीं मानी।
इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर कालाचौकी पुलिस स्टेशन पहुंचाया। पूछताछ के दौरान पुरुष की पहचान सचिन शिरथ सूर्यवंशी (32) और महिला की पहचान नम्रता सचिन सूर्यवंशी (33) के रूप में हुई। दोनों का पता कल्याण शहर, ठाणे बताया गया है।
कालाचौकी पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 223, 296 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी







