मुंबई, 6 सितंबर (आईएएनएस)। मुंबई के धारावी इलाके में एलपीजी सिलेंडर में आग लगने से 2 बच्चों समेत 4 लोग घायल हो गए। इस हादसे में अभी तक किसी के मौत होने की खबर नहीं है।
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि शनिवार तड़के लगी आग में दो नाबालिगों समेत चार लोग घायल हो गए और अभी उनका इलाज चल रहा है। यह घटना धारावी में राजीव गांधी स्पोर्ट्स क्लब के पास, सायन-धारावी लिंक रोड, राजीव गांधी नगर के एक दो मंजिला इमारत में हुई।
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के मुंबई फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के अनुसार, सिलेंडर में आग लगने के बाद इलाके के लोग जमा हो गए और फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने से पहले ही आग बुझा दी। घटना में घायल हुए चार लोगों को फायर ब्रिगेड के आने से पहले ही पुलिस वैन से अस्पताल ले जाया गया।
आग लगने के बाद मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) को मौके पर भेजा गया। मुंबई फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि आग को रात 12:10 बजे तक बुझा दिया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, घायलों में दो नाबालिग बच्चे हैं, जिनकी उम्र क्रमशः पांच और चार साल है। चार साल के बच्चे का शरीर आठ प्रतिशत जल गया, जबकि पांच साल का बच्चा पांच प्रतिशत जल गया। अन्य दो घायल लोग क्रमशः 15 प्रतिशत और 30 प्रतिशत जल गए।
पिछले महीने मुंबई के कांदिवली वेस्ट में कांदिवली स्टेशन रोड पर एक कमर्शियल बिल्डिंग में लेवल-1 की आग लगी थी। बीएमसी के मुंबई फायर ब्रिगेड ने इस घटना के बाद दूसरी मंजिल पर बने एक लॉजिंग हाउस से 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। इस घटना की सूचना सुबह करीब 4:14 बजे मुंबई फायर ब्रिगेड कंट्रोल को मिली थी। आग कांदिवली स्टेशन रोड पर स्थित अभिराई होटल में लगी थी।
फायर ब्रिगेड की जानकारी के मुताबिक, आग पास ही फलों की एक अस्थायी दुकान पर मौजूद बिजली की वायरिंग, बिजली के सामान, लकड़ी के फर्नीचर, तिरपाल, बांस और प्लास्टिक की चीजों तक ही सीमित रही थी।
आग से चौथी मंजिल पर लगभग 50 वर्ग फुट के इलाके में रखे कपड़े, लकड़ी का फर्नीचर और फॉल्स सीलिंग भी प्रभावित हुए। इमारत के बाहरी हिस्से में लगी एल्युमीनियम और प्लास्टिक की सजावटी शीटें भी आग की चपेट में आ गईं थीं।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम






