तिरुवनंतपुरम, 31 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी अमेरिका में भारत के कॉन्सल जनरल के लगातार संपर्क में हैं। वे कैलिफोर्निया के मिलपिटास में मारी गईं केरल की दो महिलाओं के पार्थिव शरीरों को उनके गृह राज्य वापस लाने के प्रयासों में जुटे हैं।
गोपी ने आईएएनएस को बताया, "मैं वहां के कॉन्सल जनरल के लगातार संपर्क में हूं। मुझे बताया गया है कि पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद दोनों महिलाओं के शव सौंप दिए जाएंगे। उम्मीद है कि यह काम मंगलवार तक हो जाएगा। इसके बाद, शवों को वहां के रजिस्टर्ड फ्यूनरल होम को सौंप दिया जाएगा। तब तक, परिवारों को अधिकारियों को यह बताना होगा कि शवों को किस जगह ले जाना है।"
गोपी और मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने मारे गए लोगों के रिश्तेदारों से बात की है।
त्रिशूर की रहने वाली अंजना (35) और उनकी दोस्त केशवदासपुरम निवासी एन मैरी मैथ्यू (40) की 28 अगस्त को मिलपिटास में मौत हो गई। खबरों के मुताबिक, अंजना को मिल क्रीक अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स के पार्किंग एरिया में एक नीली एसयूवी ने कुचल दिया था, जबकि एन मैरी एक अपार्टमेंट के अंदर मृत पाई गईं, उन पर चाकू से हमला किया गया था।
इन हत्याओं के सिलसिले में मिलपिटास पुलिस ने कोट्टायम के मूननिलावु की रहने वाली और उन दोनों महिलाओं की दोस्त अनीला (32) को हिरासत में लिया है। हालांकि, हत्याओं की वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
बताया जा रहा है कि ये तीनों महिलाएं आपस में अच्छी दोस्त थीं और अपने परिवारों के साथ एक ही अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में रहती थीं।
इस घटना ने अमेरिका में मलयाली समुदाय को झकझोर कर रख दिया है, खासकर इसलिए क्योंकि इन परिवारों ने हत्याओं से ठीक एक दिन पहले ही साथ मिलकर ओणम मनाया था और फिल्म देखने के लिए थिएटर भी गए थे। अंजना के पति विजीश एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और उनकी छह साल की बेटी है।
अंजना कैलिफोर्निया में एक स्कूल टीचर के तौर पर काम करती थीं। चिंगावनम के रहने वाले जैकब की पत्नी एन मैरी अमेरिका के एक स्कूल में कंप्यूटर टीचर थीं।
मिलपिटास पुलिस के अनुसार, अंजना की हत्या मिल क्रीक अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स के पार्किंग एरिया में हुई थी। घटना में शामिल बताई जा रही नीले रंग की एसयूवी बाद में पास के ही एक पार्किंग एरिया में लावारिस हालत में मिली, उसके अगले हिस्से में कुछ नुकसान भी हुआ था। इसके बाद पुलिस ने अनीला को हिरासत में ले लिया।
जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी रहने के बीच परिवार वाले अमेरिकी अधिकारियों के संपर्क में हैं। अब सबसे जरूरी काम है पोस्टमॉर्टम पूरा करना और शवों को केरल वापस भेजने का इंतजाम करना।
--आईएएनएस
ओपी/एएस







