Advertisement banner

कश्मीरी पंडितों को धमकी पर शिवसेना सख्त, कहा- सुरक्षा सुनिश्चित करे उमर सरकार

कश्मीरी

मुंबई, 3 सितंबर (आईएएनएस)। शिवसेना प्रवक्ता कृष्ण हेगड़े ने कश्मीरी पंडितों की सुरक्षा, राम मंदिर ट्रस्ट के नए सीईओ की नियुक्ति और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत को लेकर प्रतिक्रिया दी है। हेगड़े ने कश्मीरी पंडितों को कथित तौर पर मिल रही धमकियों को गंभीर मामला बताते हुए जम्मू-कश्मीर सरकार से कार्रवाई की मांग की। वहीं, उन्होंने एयर मार्शल (रिटायर्ड) जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर ट्रस्ट का सीईओ बनाए जाने को अच्छा कदम बताया।

कृष्ण हेगड़े ने कहा कि कश्मीरी पंडितों को अभी भी धमकियां मिलने की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस और सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर जिम्मेदारी तय करने की बात कही। हेगड़े ने कहा कि धमकियां ऐसे संगठन से जुड़ी हैं, जिसे पुलिस लश्कर-ए-तैयबा का हिस्सा बताती है। कश्मीरी पंडितों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ के तौर पर एयर मार्शल (रिटायर्ड) जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति का हेगड़े ने समर्थन किया। उन्होंने इसे सरकार का अच्छा कदम बताते हुए कहा कि जितेंद्र मिश्रा वरिष्ठ सैन्य अधिकारी रहे हैं और पश्चिमी कमान का नेतृत्व कर चुके हैं। हेगड़े ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में भी जितेंद्र मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। नए सीईओ ट्रस्ट के कामकाज और उसकी गतिविधियों का पूरा ब्योरा देखेंगे और मंदिर ट्रस्ट में पारदर्शिता बढ़ेगी। उन्होंने ट्रस्ट में महासचिव के पद पर गोविंद देव गिरि जी महाराज की नियुक्ति का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार ने अपनी भूमिका स्पष्ट कर दी है। हेगड़े ने नए सीईओ को उनकी जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

वंदे मातरम को लेकर गीतांजलि अंगमो के बयान का समर्थन करते हुए हेगड़े ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रगीत को लेकर मजबूत बात रखी है। अंगमो ने कहा है कि वंदे मातरम में जिन देवी-देवताओं का उल्लेख आता है, उन्हें प्रतीकात्मक रूप से देखा जाना चाहिए। लक्ष्मी को धन, सरस्वती को ज्ञान और दुर्गा को शक्ति के प्रतीक के तौर पर देखा जाता है और ये आकांक्षाएं सभी लोगों में होती हैं। जिस तरह हिंदू उर्दू गजल और दूसरे सांस्कृतिक रूपों को अपनाते हैं, उसी तरह अन्य धर्मों के लोगों को भी वंदे मातरम के प्रति आपत्ति नहीं होनी चाहिए। वंदे मातरम ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में भारतीयों को प्रेरित किया और भारत के प्रति सम्मान रखने वाले लोगों को इसका सम्मान करना चाहिए।

अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत को लेकर कांग्रेस नेता नाना पटोले द्वारा उठाए गए सवालों पर हेगड़े ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना थी। मामले की जांच सीआईडी, डीजीसीए और एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो की ओर से की गई तथा ब्लैक बॉक्स और कॉकपिट रिकॉर्डर की भी जांच हुई। संबंधित एजेंसियों ने अपनी-अपनी रिपोर्ट दी हैं और किसी विवाद की बात सामने नहीं आई। नाना पटोले जो कह रहे हैं, वह उनकी निजी राय हो सकती है, लेकिन उपलब्ध जांच रिपोर्टें अलग तस्वीर पेश करती हैं।

--आईएएनएस

पीएसके