ग्रेटर नोएडा, 3 सितंबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाने की पुलिस ने कैपिटल एथिना सोसाइटी में घर में घुसकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी और अन्य सामान बरामद किया है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोसाइटी में कारपेंटर का काम कर रहा था और इसी दौरान उसने घर की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर को कैपिटल एथिना सोसाइटी में एक फ्लैट में चोरी की घटना सामने आई थी। अज्ञात चोर घर में घुसकर दो सोने के कंगन, एक सोने की अंगूठी, दो कान के टॉप्स, रोज गोल्ड की एक चेन और अंगूठी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गया था। घटना के संबंध में पीड़ित की लिखित शिकायत पर थाना बिसरख में दर्ज किया गया था।
इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपी की तलाश तेज कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने 3 सितंबर को घटना का सफल अनावरण करते हुए आरोपी सोहेब पुत्र सफीक को थाना बिसरख क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की ज्वैलरी और अन्य सामान बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कैपिटल एथिना सोसाइटी के टावर नंबर-6 में एक फ्लैट में कारपेंटर का काम कर रहा था। जिस फ्लैट में वह काम कर रहा था, उसके सामने ही दूसरा फ्लैट स्थित था। आरोपी को जानकारी थी कि संबंधित फ्लैट में उस समय कोई मौजूद नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर को मौका पाकर आरोपी किचन के रास्ते फ्लैट के अंदर दाखिल हुआ। आरोपी ने कमरे में रखी अलमारी से ज्वैलरी और अन्य सामान चोरी किया। इसके बाद वह उसी किचन के रास्ते फ्लैट से बाहर निकल गया। चोरी किए गए सामान को अपने पास रखने के बाद आरोपी पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था, लेकिन जांच के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोहेब पुत्र सफीक, निवासी आनंद विहार कॉलोनी, थाना मसूरी-डासना, गाजियाबाद के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 21 वर्ष है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ यह भी पता लगाने में लगी है कि उसने इससे पहले किसी अन्य वारदात को अंजाम दिया है या नहीं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी का माल बरामद होने से मामले का खुलासा कर दिया गया है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी







