Advertisement banner

कोलकाता : जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर जमीन हड़पने वाले अमित गांगुली को ईडी ने किया गिरफ्तार

कोलकाता में जाली दस्तावेजों से जमीन हड़पने का आरोपी गिरफ्तार
जाली

कोलकाता, 16 सितंबर (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कोलकाता ने जमीन हड़पने, दस्तावेजों और जमीन के रिकॉर्ड में धोखाधड़ी करने और पावर ऑफ अटॉर्नी से जुड़े एक मामले में मंगलवार की रात को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

व्यक्ति का नाम अमित गांगुली है, जिसने कई गैर-कानूनी तरीकों से अलग-अलग लोगों और संस्थाओं की संपत्तियों पर कब्जा किया। जाली बोर्ड प्रस्तावों का इस्तेमाल, बिक्री के लिए जाली समझौतों (जिन पर जाली हस्ताक्षर थे) का इस्तेमाल, जाली डीड और अन्य दस्तावेज़, जमीन के रिकॉर्ड में हेरफेर, झूठे या मनगढ़ंत दावों के आधार पर दीवानी मुकदमे करना, जमीन मालिकों के कानूनी अधिकारों से उन्हें वंचित करना और अपने जायज हक की मांग करने वाले लोगों को धमकाना या उनके साथ मारपीट कर संपत्तियों पर कब्जा किया है।

आरोपी अमित गांगुली और भी कई मामलों में शामिल पाया गया है। अमित के खिलाफ पश्चिम बंगाल पुलिस ने 23 एफआईआर दर्ज की हैं। इससे साबित होता है कि वह बार-बार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और धोखाधड़ी व गैर-कानूनी तरीकों से संपत्तियां हासिल करने और उनका लेन-देन करने का उसका एक लगातार चलने वाला तरीका रहा है।

इसके अलावा, ईडी का कोलकाता जोनल ऑफिस कोलकाता और इंदौर में अमृत ग्रुप ऑफ कंपनीज से जुड़े डायरेक्टर्स व प्रमोटर्स (केसी दुजारी, काली किशोर बागची और अन्य) के 17 घरों और ऑफिसों में पीएमएलए की धारा 17 के तहत तलाशी और जब्ती की कार्रवाई कर रहा है। इस ग्रुप ऑफ कंपनीज और इसके डायरेक्टर्स ने अधिक रिटर्न का वादा करके अलग-अलग डिपॉजिट स्कीम के जरिए आम जनता से भारी रकम इकट्ठा की और वादा किया गया रिटर्न न देकर लोगों के साथ धोखाधड़ी की।

वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कोलकाता में कई करोड़ रुपये के चिट फंड मामले के सिलसिले में छह जगहों पर एक साथ छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया। ईडी अधिकारियों की एक टीम सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस (सीएपीएफ) के साथ सुबह करीब 7 बजे उत्तरी कोलकाता के नारकेलडांगा इलाके में एक बिजनेसमैन के घर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया।

--आईएएनएस

ओपी/एएस