गुमला: झारखंड के गुमला जिला अंतर्गत घाघरा थाना क्षेत्र के लावादाग जंगल में शनिवार सुबह पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में प्रतिबंधित संगठन झारखंड जन मुक्ति मोर्चा (जेजेएमपी) के तीन उग्रवादी मारे गए हैं। मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने तीनों उग्रवादियों के शव बरामद कर लिए हैं। घटनास्थल से एक एके-47 राइफल और दो इंसास राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए।
गुमला एसपी हारिश बिन जमां ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी संगठन के उग्रवादी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं और घाघरा के जंगल में इकट्ठा हुए हैं। सूचना के आधार पर जिला पुलिस और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने एक विशेष अभियान चलाया। लावादाग जंगल में जैसे ही सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने तीन उग्रवादियों को ढेर कर दिया। हालांकि, इस दौरान अन्य उग्रवादी घने जंगलों का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे। मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।






