Advertisement banner

जम्मू-कश्मीर: शोपियां में ‘त्राथ गोला’ के नाम पर ठगी का भंडाफोड़, 7 लोग गिरफ्तार, 5 लाख नकद बरामद

जम्मू-कश्मीर:

श्रीनगर, 5 सितंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शोपियां में तथाकथित ‘त्राथ गोला’ को दुर्लभ और कीमती उल्कापिंड पत्थर बताकर बेचने की कोशिश कर रहे गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मौके से 5 लाख रुपये नकद और एक डिब्बे में रखा पत्थर बरामद किया है, जिसे आरोपी दुर्लभ ‘त्राथ गोला’ के रूप में पेश कर रहे थे। इसके साथ ही दो वाहन - जेके01एक्यू-1311 (ऑल्टो) और जेके03बी-5955 (ऑल्टो) को भी जब्त कर हीरपोरा थाने लाया गया है।

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए हीरपोरा थाने लाया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बारामुला के बागी इस्लाम निवासी जहूर अहमद भट, बारामुला के ही राजघाट निवासी सफीरुद्दीन मीर, श्रीनगर के रावलपोरा निवासी अब्दुल राशिद किरमानी, सोपोर के जालूरा निवासी मोहम्मद शफी मीर, अनंतनाग के शांगुस पुशरू निवासी इम्तियाज अहमद बकलू, कुलगाम के खुर्री बटपोरा निवासी अरशिद अहमद वानी और निहामा के लकदीपोरा निवासी सैयद गुलजार अहमद के रूप में हुई है।

इस संबंध में हीरपोरा थाने में एफआईआर संख्या 95/2026 संबंधित कानूनी धाराओं के तहत दर्ज की गई है और लेन-देन से जुड़े पूरे तथ्यों और परिस्थितियों को स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है।

शोपियां पुलिस ने आम जनता को तथाकथित दुर्लभ, कीमती या उल्कापिंड पत्थरों से जुड़े धोखाधड़ी वाले दावों का शिकार न होने की चेतावनी दी है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि किसी भी वित्तीय लेन-देन में शामिल होने से पहले ऐसी वस्तुओं की प्रामाणिकता और मूल्य की सक्षम अधिकारियों से पुष्टि कर लें।

--आईएएनएस

डीएससी