लखनऊ, 11 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जब तक अखिलेश यादव का कार्यकाल लोगों के जहन में रहेगा, तब तक जनता उन्हें उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने का जनादेश नहीं देगी।
मंत्री जयवीर सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "अखिलेश यादव 2012 से 2017 के बीच के अपने कार्यकाल को देखेंगे तो उन्हें खुद शर्म आएगी। उनके कार्यकाल में 'देख सपाई बिटिया घबराई' वाली स्थिति थी। उनकी सरकार में जाति विशेष और संप्रदाय विशेष को बढ़ावा दिया गया। उनके कार्यकाल में हालात बेहद खराब हुए। तब उत्त प्रदेश 'दंगा प्रदेश' और अपराधियों का प्रदेश बन चुका था।"
उन्होंने कहा कि आज सरकार 'एक जिला एक उत्पाद' जैसी पहल चला रही है, लेकिन अखिलेश यादव के कार्यकाल में 'एक जिला एक माफिया' हुआ करता था। जयवीर सिंह ने कहा, "जब तक अखिलेश यादव का कार्यकाल लोगों के जहन में रहेगा, तब तक उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने का जनादेश जनता नहीं देगी।"
इससे पहले, बुलंदशहर का कार्यक्रम रद्द होने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाए कि हमें रैली की अनुमति नहीं दी गई थी। सरकार पाबंदी लगा रही है।
वहीं, हज कमेटी की जमीन में गड़बड़ी पर आजम खान समेत पांच लोगों पर मुकदमा होने पर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, "जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। इसमें सरकार का कोई लेना-देना नहीं है। अगर कानून का उल्लंघन हुआ है, नियमों के विपरीत कार्य हुआ है या गंभीर अनियमितताएं हुई हैं तो संबंधित जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं।"
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने आधिकारिक तौर पर 'नीम करौली बाबा सर्किट' लॉन्च किया है। इस पर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, "लखनऊ के हनुमान सेतु मंदिर से लेकर फिरोजाबाद के अकबरपुर में उनके जन्मस्थान, उनकी तपस्या-स्थली फर्रुखाबाद स्थित नीब करौरी बाबा आश्रम धाम मंदिर और वृंदावन में समाधि स्थल तक ये ऐसे स्थान हैं, जो आध्यात्मिक तपस्या, सामाजिक मूल्यों और गहरी आस्था के केंद्र के रूप में सरोकार रखते हैं। भक्तों के लिए उनके जन्मस्थान, कार्य-स्थल और तपस्या-स्थली को एक सर्किट से जोड़ने के लिए हमारी सरकार इन जगहों को विकसित करने, बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने, पर्यटन को बढ़ावा देने और मजबूत कनेक्टिविटी वाला एक नया सर्किट बनाने के लिए व्यापक स्तर पर काम कर रही है।"
--आईएएनएस
डीसीएच/







