Advertisement banner

सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने दक्षिणी कमान मुख्यालय का दौरा किया, परिचालन तैयारियों की समीक्षा की

सेना

नई दिल्ली, 31 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय सेना के प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने दक्षिणी कमान के मुख्यालय का दौरा कर कमान की परिचालन तैयारियों और चल रही क्षमता वृद्धि पहलों की समीक्षा की।

इस दौरान दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (जीओसी-इन-सी) लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर ने सेना प्रमुख को मौजूदा परिचालन परिस्थितियों, सेना की तैयारियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और युद्धक क्षमता को और मजबूत बनाने के लिए उठाए गए कदमों की विस्तृत जानकारी दी।

सेना प्रमुख ने युद्ध के बदलते स्वरूप को ध्यान में रखते हुए निरंतर परिचालन तत्परता बनाए रखने, परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालने, नई तकनीकों को तेजी से अपनाने तथा तकनीक, रणनीति और प्रक्रियाओं (टीटीपी) को लगातार बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए वास्तविक परिस्थितियों पर आधारित प्रशिक्षण, तीनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय (जॉइंटनेस) और स्वदेशी रक्षा क्षमताओं के विकास को बढ़ावा देना बेहद महत्वपूर्ण है। इससे भारतीय सेना को अधिक सक्षम, तकनीकी रूप से सशक्त और भविष्य के लिए तैयार बनाया जा सकेगा।

जनरल धीरज सेठ ने सभी अधिकारियों और जवानों की पेशेवर प्रतिबद्धता, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने सैनिकों से मिशन पर पूरा ध्यान केंद्रित रखने और दक्षिणी कमान की परिचालन बढ़त को बनाए रखने का आह्वान किया।

भारतीय सेना के अनुसार, यह दौरा दक्षिणी कमान की युद्धक क्षमता, प्रशिक्षण व्यवस्था और भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के उद्देश्य से किया गया।

इससे पहले सेनाध्यक्ष ने जनरल धीरज सेठ ने आज सेवानिवृत्त हो रहे अधिकारियों की अद्वितीय एवं निःस्वार्थ सेवा की सराहना की और उन्हें विदाई दी। सेना ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा में समर्पित ये अधिकारी अब अपने अनुभव, अनुशासन और मूल्य आधारित नेतृत्व के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की नई दिशाओं को प्रज्वलित करते रहेंगे। भारत उनके योगदान का सदैव ऋणी रहेगा।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी