दिसपुर, 1 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में नौकरी करना हजारों-लाखों युवाओं का सपना होता है। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी), तिरुपति ने सीधे भर्ती के आधार पर नॉन-टीचिंग स्टाफ के विभिन्न 13 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
आईआईटी-तिरुपति की ओर से जारी रिक्तियों में ग्रुप-ए के 6, ग्रुप-बी के 4 और ग्रुप-सी के 3 पद शामिल हैं। ग्रुप-ए के 6 पदों में सुपरिटेंडिंग इंजीनियर (सिविल/इलेक्ट्रिकल)-इंजीनियरिंग यूनिट के 1, सीनियर टेक्निकल ऑफिसर (कंप्यूटर सेंटर) के 1, असिस्टेंट रजिस्ट्रार (प्रशासन) के 2, काउंसलर (गाइडेंस और काउंसलिंग यूनिट) के 1 और सिक्योरिटी ऑफिसर (सिक्योरिटी सेक्शन) के 1 पद शामिल हैं। ग्रुप-बी के 4 पदों में हिंदी ट्रांसलेटर (हिंदी सेल) के 1, जूनियर टेक्निकल सुपरिटेंडेंट - सीएसई (कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग) के 2 और जूनियर टेक्निकल सुपरिटेंडेंट - नेटवर्क सिक्योरिटी (कंप्यूटर सेंटर) के 1 पद शामिल हैं।
वहीं, ग्रुप-सी के 3 पदों में जूनियर टेक्नीशियन - सीएच (केमिकल इंजीनियरिंग) के 1, जूनियर टेक्नीशियन - सिस्टम्स (सिविल और पर्यावरण इंजीनियरिंग) के 1 और जूनियर टेक्नीशियन - सीएसई (कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग) के 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 31 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार आईआईटी-तिरुपति की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि की शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
सफलतापूर्वक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ 'रजिस्ट्रार, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी तिरुपति, येरपेडु-वेंकटगिरि रोड, येरपेडु पोस्ट, तिरुपति जिला, आंध्र प्रदेश - 517 619' पते पर 15 अक्टूबर तक या उससे पहले डाक के माध्यम से पहुंचाना होगा।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद और क्षेत्र के अनुसार कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ सिविल/इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक; सीएसई/आईटी/ईसीई/इलेक्ट्रॉनिक्स में बीई/बीटेक/एमएससी/एमसीए/एमई/एमटेक/पीएचडी/बीएससी/बीसीए/डिप्लोमा/आईटीआई; मास्टर डिग्री; साइकोलॉजी (काउंसलिंग/क्लिनिकल) में मास्टर्स; हिंदी और अंग्रेजी मुख्य विषयों के साथ बैचलर की डिग्री; बैचलर डिग्री; केमिकल इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक/डिप्लोमा/आईटीआई, आदि होनी चाहिए। इसके अलावा, सभी पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में 2 से 10 वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 27 से 50 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना एप्लीकेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन स्क्रीनिंग टेस्ट/इंटरव्यू या दोनों, ऑब्जेक्टिव-बेस्ड टेस्ट, लिखित परीक्षा (वर्णनात्मक), स्किल/ट्रेड टेस्ट, मेडिकल फिटनेस, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 25,500 से 2,15,900 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग और पद के अनुसार निर्धारित आवेदन और प्रोसेसिंग शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो ग्रुप-ए के लिए 700 रुपए, ग्रुप-बी के लिए 500 रुपए और ग्रुप-सी के लिए 400 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पूर्व-सैनिक, महिला, ट्रांसजेंडर और पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी से आने वाले उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी







