हजारीबाग, 29 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड में हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थ अफीम की खरीद-फरोख्त और हथियारबंद आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। हथिया बाबा मंदिर के समीप शनिवार को हुई पुलिस कार्रवाई के दौरान एक अपराधी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया, जबकि दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
घटनास्थल से दो देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, खोखा और अफीम बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि चौपारण थाना क्षेत्र के हथिया बाबा मंदिर के आसपास कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग हथियार के साथ मौजूद हैं और नशीले पदार्थ अफीम की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना के आधार पर चौपारण थाना पुलिस ने थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित क्षेत्र में छापेमारी की।
पुलिस के पहुंचने के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान दो लोगों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक व्यक्ति जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस के मुताबिक, भागने के दौरान उक्त व्यक्ति ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें भाग रहे आरोपी के पेट में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
घायल आरोपी की पहचान अजय सिंह के रूप में की गई है। वह बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत चापी गांव का रहने वाला बताया गया है। घायल अवस्था में उसे तत्काल बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मौके से दो देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और कुछ खोखा बरामद किए हैं। इसके अलावा नशीला पदार्थ अफीम भी जब्त किया गया है। हालांकि, बरामद अफीम की कुल मात्रा को लेकर पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
मामले में गिरफ्तार किए गए दो अन्य आरोपियों की पहचान भी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने घटना और पुलिस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी







