गोपालगंज, 31 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा और बाढ़ का असर अब बिहार के गोपालगंज में गंडक नदी के किनारे साफ दिखाई देने लगा है। गंडक की तेज धार में जानवरों के शवों के साथ घरों का सामान, पेड़-पौधे और अन्य मलबा बहता हुआ दिखाई देने की बात सामने आई है। नदी के भयावह दृश्य ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को चिंतित कर दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यादोपुर-मंगलपुर पुल के आसपास बड़ी संख्या में लोग नदी की ओर पहुंचते रहे। लोगों का दावा है कि उन्होंने गंडक की तेज धारा में दो से तीन मानव शवों को बहते हुए देखा। कुछ लोगों ने नदी में मवेशियों और जंगली जानवरों के शव दिखाई देने की भी बात कही है। हालांकि, मानव शवों की संख्या, उनकी पहचान और उनके नेपाल से बहकर आने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नेपाल की ओर से गंडक नदी में अचानक बड़ी मात्रा में पानी और मलबा आया है। पानी की रफ्तार इतनी तेज है कि नदी में बह रहे शव और अन्य सामान लगातार आगे की ओर बहते जा रहे हैं। नदी में जानवरों के शवों के साथ पेड़-पौधे और घरेलू सामान बहते देखे जाने से लोगों को नेपाल में हुई तबाही की भयावहता का अंदाजा हो रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, नदी में जंगली जानवरों और अन्य मवेशियों के शव दिखाई दिए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी में बहकर आए शवों को बरामद कराने और यदि मानव शव मिलते हैं तो उनकी पहचान की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि इससे नेपाल में लापता लोगों के परिजनों को महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। साथ ही, शवों के लंबे समय तक पानी में पड़े रहने से संभावित संक्रमण और प्रदूषण को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोपालगंज जिला प्रशासन ने गंडक नदी में नाव परिचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है। प्रशासन का कहना है कि नदी में पानी का बहाव अत्यधिक तेज है और ऐसी स्थिति में नाव चलाने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरभ ने बताया कि सभी अंचल अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि नदी में जानवरों के शव मिलने की सूचना पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए और उनके सुरक्षित एवं नियमानुसार निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, स्थानीय स्तर पर स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को देने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे तेज बहाव वाले गंडक नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं और प्रतिबंध के बावजूद नाव परिचालन या मछली पकड़ने का प्रयास न करें। प्रशासनिक और आपदा प्रबंधन की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
--आईएएनएस
एमएनपी/एसके







