Advertisement banner

ग्रेटर नोएडा में अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 14 दोपहिया वाहन बरामद

ग्रेटर

ग्रेटर नोएडा, 7 सितंबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर थाने की पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी, यानी कुल 14 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने दो आरोपियों के कब्जे से दो अवैध चाकू भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 6 सितंबर को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से की गई। सूरजपुर पुलिस ने चारों आरोपियों को गुलिस्तानपुर अंडरपास से एलजी कंपनी की तरफ जाने वाली सड़क से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान शिवम उर्फ शूटर, अभिषेक, अजीत कुमार और गौरव कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी एक अंतर्राज्यीय गिरोह के तौर पर काम करते थे। गिरोह के सदस्य दिल्ली, एनसीआर के साथ-साथ नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग इलाकों में घूमकर दोपहिया वाहनों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी कर लेते थे। चोरी किए गए वाहनों को तत्काल बेचने के बजाय आरोपी उन्हें एक सुनसान स्थान पर छिपाकर रखते थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिलों को मोजरवियर गोलचक्कर से आगे सर्विस रोड पर रेलवे पुल के पास बने कच्चे रास्ते और जंगल में छिपाकर रखा था। जब वाहन बेचने का मौका मिलता था, तब जरूरत के हिसाब से उन्हें अलग-अलग स्थानों पर बेच दिया जाता था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने चोरी के वाहनों को एक जगह इकट्ठा कर रखा था, ताकि पुलिस की नजर से बचते हुए बाद में उन्हें ठिकाने लगाया जा सके। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गिरोह तक पहुंच बनाई और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में 24 वर्षीय शिवम उर्फ शूटर मूल रूप से राजधानी पार्क, नांगलोई दिल्ली का रहने वाला है और वर्तमान में सुत्याना गांव, थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में रह रहा था। 18 वर्षीय अभिषेक बदायूं जिले के टुकरी गांव का निवासी है और वर्तमान में हबीबपुर में रह रहा था। वहीं 23 वर्षीय अजीत कुमार बिहार के समस्तीपुर जिले के रघुनाथपुर गांव का रहने वाला है और वर्तमान में हबीबपुर, थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में रह रहा था। चौथा आरोपी 19 वर्षीय गौरव कुमार कुलेसरा, थाना ईकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर का निवासी बताया गया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 12 चोरी की मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी बरामद की हैं। इन सभी वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा आरोपी शिवम और अजीत के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू बरामद हुआ है। पुलिस ने इस मामले में सूरजपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब बरामद किए गए वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है कि इनमें से कितने वाहन दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वाहन चोरी और अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े मुकदमे भी सामने आए हैं। इनमें थाना ईकोटेक-3, गौतमबुद्धनगर में, थाना कविनगर, कमिश्नरेट गाजियाबाद में तथा थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज है। सूरजपुर के मुकदमे में बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत भी कार्रवाई की गई है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी