नई दिल्ली, 16 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने विषय विशेषज्ञों (एसएमई) के पैनल में शामिल होने के लिए अनुभवी शिक्षकों, शोधकर्ताओं और शिक्षाविदों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) आमंत्रित किया है।
इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली प्रमुख परीक्षाओं में शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करना, अकादमिक ईमानदारी बनाए रखना और मूल्यांकन के कठोर मानकों को सुनिश्चित करना है।
पैनल में शामिल किए जाने वाले विषय विशेषज्ञ परीक्षा के विकास और मूल्यांकन की विभिन्न प्रक्रियाओं में योगदान देंगे। एनटीए ऐसे विशेषज्ञों की तलाश कर रहा है, जो उच्च गुणवत्ता वाली मूल्यांकन सामग्री तैयार करने के साथ यह सुनिश्चित कर सकें कि प्रश्न निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप हों और उम्मीदवारों की अवधारणाओं को समझने तथा उन्हें लागू करने की क्षमता का प्रभावी आकलन करें।
विशेषज्ञों की प्रमुख जिम्मेदारियों में प्रश्न निर्माण और प्रश्न डिजाइन शामिल होगा। इसके अलावा, वे परीक्षा में शामिल किए जाने वाले प्रश्नों की समीक्षा और जांच भी करेंगे। इसमें प्रश्नों की अवधारणात्मक शुद्धता, स्पष्टता और कठिनाई के उपयुक्त स्तर का परीक्षण किया जाएगा, ताकि परीक्षा सामग्री निर्धारित शैक्षणिक और परीक्षा मानकों के अनुरूप रहे।
मॉडरेशन भी विशेषज्ञों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में शामिल होगा। इसके जरिए परीक्षा सामग्री में मानकीकरण और निष्पक्षता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
एनटीए को विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में परीक्षा सामग्री के अनुवाद और ट्रांसएडाप्टेशन के लिए भी विशेषज्ञों की आवश्यकता होगी। इसके तहत सटीक, सांस्कृतिक रूप से उपयुक्त और भाषाई रूप से सही अनुवाद सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी होगी।
इस पैनल के लिए सेवारत या सेवानिवृत्त फैकल्टी सदस्य, प्रोफेसर, स्कूल शिक्षक और संबंधित विषय के विशेषज्ञ आवेदन कर सकते हैं, जिनके पास अपने विषय में प्रमाणित विशेषज्ञता हो।
एनटीए ने ईओआई जमा करने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित की है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार आधिकारिक एनटीए पोर्टल के माध्यम से अपना ईओआई जमा कर सकते हैं।
--आईएएनएस
डीएससी







