मुंबई, 11 सितंबर (आईएएनएस)। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की ओर से बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 5 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत का सोने का बुरादा जब्त किया है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि कीमती धातुओं की तस्करी के खिलाफ जारी अभियान के तहत दो कर्मचारियों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि डीआरआई ने 5.5 करोड़ रुपये कीमत की 3.5 किलोग्राम सोने की धूल जब्त की है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एयरपोर्ट के दो कर्मचारी और दो ट्रांजिट यात्री शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर मुंबई एयरपोर्ट के जरिए काम करने वाले सोने की तस्करी के एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का हिस्सा थे।
पिछले महीने इसी तरह के एक ऑपरेशन में, डीआरआई ने महाराष्ट्र के नागपुर में एक ट्रेन यात्री से तीन करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत का सोना जब्त किया था। भारत-बांग्लादेश सीमा से तस्करी करके लाए गए सोने को ट्रेन से आगे ले जाए जाने की सूचना मिलने पर, डीआरआई नागपुर की टीम ने नागपुर रेलवे स्टेशन पर एक ऑपरेशन चलाया और एक यात्री को हिरासत में लिया।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यात्री को 2.165 किलोग्राम सोने के साथ गिरफ्तार किया गया। जब्त किए गए सोने की अनुमानित कीमत 3.09 करोड़ रुपये बताई गई है। मिली खुफिया जानकारी के अनुसार, सोना भारत-बांग्लादेश सीमा के रास्ते भारत में तस्करी करके लाया गया था। बाद में डीआरआई अधिकारियों को पता चला कि सोना 12102 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक व्यक्ति द्वारा अगली जगह तक ले जाया जाना था।
इस जानकारी के आधार पर, डीआरआई नागपुर के अधिकारियों ने नागपुर रेलवे स्टेशन पर जाल बिछाया। स्टेशन पर पहुंचने पर यात्री की तलाशी ली गई, उसके पास से छिपाकर रखा गया सोना मिला। अधिकारियों ने आरोपी यात्री से सोने की 16 छड़ें जब्त कीं।
डीआरआई ने हाल ही में देश भर में अलग-अलग जगहों पर छह बड़े ऑपरेशन किए, जिनमें दो तेंदुए की खाल, 180 जिंदा इंडियन स्टार कछुए, 12 जिंदा टोके गेको (एक प्रकार की छिपकली), लगभग 24 किलोग्राम पैंगोलिन के शल्क और 500 ग्राम बाघ की हड्डियां जब्त की गईं। इन छह ऑपरेशनों में कम से कम 13 लोगों को गिरफ़्तार किया गया।
डीआरआई अधिकारियों ने ओडिशा के कोरापुट जिले के जयपुर में एक व्यक्ति को रोका और उसके पास से तेंदुए की एक खाल बरामद की। तेंदुए की खाल और पकड़े गए व्यक्ति को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए राज्य वन विभाग, कोरापुट को सौंप दिया गया।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम







