Advertisement banner

मध्य प्रदेश: दमोह में पारिवारिक विवाद के चलते बेटे के बाद माता-पिता ने की खुदकुशी

मध्य

दमोह, 28 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले से रक्षाबंधन के दिन एक दिल दहला देने वाली खबर आई है। यहां पारिवारिक विवाद के चलते पहले बेटे ने और उसके बाद माता-पिता ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में दमोह-कटनी रेल लाइन की है। शुक्रवार को सुबह के समय मुकेश अहिरवार मोटरसाइकिल से अपने घर से निकाला और जब वह नहीं लौटा तो उसके पिता भरत अहिरवार और मां उमा अहिरवार उसकी तलाश में निकल पड़े।

मुकेश का शव रेलवे लाइन पर देखकर माता-पिता इतने व्यथित हो गए कि उन्होंने भी ट्रेन से कट कर जान दे दी। बताया गया है कि मुकेश शादीशुदा है और उसकी पत्नी गर्भवती हैं, वही उससे छोटा एक भाई है जो रक्षाबंधन के मौके पर बहन की ससुराल राखी बंधवाने गया था। इसी दौरान यह घटना घटित हो गई।

आत्महत्या के पीछे की वजह से पारिवारिक तनाव के साथ मुकेश के हताश होने की भी बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस को कोई स्पष्ट कारण पता नहीं चल पाया है और वह मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर आत्महत्या के कारण का पता लग रही है। घटना के बाद से परिवार में मातम है और कोई भी यह नहीं समझ पा रहा है कि मुकेश ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, जिससे माता-पिता भी सदमे में आ गए और उन्होंने अपनी जान दे दी।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीएससी