लखनऊ, 29 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने सीएनजी के दाम बढ़ाए जाने सहित कई मामलों पर प्रतिक्रिया दी है।
आईएएनएस से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, "देश और राज्य की जनता इस सरकार से परेशान है। किन चीजों के दाम नहीं बढ़ रहे हैं? कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। चीनी की कीमत बढ़ गई है और आसमान छू रही है। हमें कुछ जगहों से जानकारी मिली है कि चीनी 100 रुपये प्रति किलो बिक रही है। सीएनजी की कीमतें भी बढ़ गई हैं।"
यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर अवधेश प्रसाद ने कहा, "मैं लंबे समय से यह बात कह रहा हूं, और हमारे नेता भी लंबे समय से यही कह रहे हैं कि कानून-व्यवस्था का सिस्टम किस तरह काम कर रहा है। देखिए, यह एक सीधी-सी बात है। सरकार भरोसे पर चलती है। कोई भी मुख्यमंत्री हर शहर और गांव तक नहीं पहुंच सकता, लेकिन उसका भरोसा वहां तक पहुंचता है। सरकार की विश्वसनीयता पूरी तरह से खत्म हो गया है, जिसका नतीजा है कि लगातार हत्याएं हो रही हैं।"
महिलाओं के लिए रक्षा बंधन पर फ्री बस सेवा को अवधेश प्रसाद ने कहा, "कहीं भी कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। सीएम की ओर से की गई घोषणा बिल्कुल झूठी थी। कहीं भी अमल में नहीं आई।"
समाजवादी पार्टी के नेता फखरुल हसन चांद ने सीएनजी के दाम बढ़ाए जाने को लेकर कहा, "भाजपा की सरकार में महंगाई बढ़ गई है। सरकार ने केवल महंगाई बढ़ाने का काम किया है, पेट्रोल 167 रुपए प्रति लीटर में बिक रहा है। चीनी, आलू और दाल-चावल के दाम बढ़े हैं। भाजपा सरकार ने महंगाई बढ़ाकर लोगों को परेशान करने का काम किया है।"
एसआईआर को लेकर फखरुल हसन चांद ने कहा, "एसआईआर की प्रक्रिया करके जिस तरह से दिल्ली, बिहार, महाराष्ट्र, हरियाणा और पश्चिम बंगाल में वोट काटे गए, वो सबके सामने है। सपा का मानना है कि भाजपा ने जानबूझकर चुनाव आयोग से मिलकर जिस तरह से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए, वह सबके सामने है। अगर चुनाव आयोग की भूमिका संदिग्ध हो जाएगी तो लोकतंत्र कैसे सुरक्षित रहेगा?"
--आईएएनएस
एसडी/एएस







