पटना, 31 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार में सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण यानी टीआरई-4.0 के लिए एक सितंबर 2026 से शुरू होने वाली ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को स्थगित कर दिया है।
आयोग ने सोमवार को विज्ञापन संख्या 14/2026 के संबंध में आवश्यक सूचना जारी करते हुए कहा कि प्रक्रियात्मक बदलाव के कारण निर्धारित आवेदन प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित किया जा रहा है। इस भर्ती के तहत शिक्षा विभाग, बिहार के अंतर्गत विद्यालय अध्यापक के कुल 32,388 रिक्त पदों पर नियुक्ति की जानी है। बीपीएससी की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, विज्ञापन संख्या 14/2026 के तहत ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया एक सितंबर 2026 से शुरू होने वाली थी।
हालांकि, प्रक्रियात्मक बदलाव के कारण इसे स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस विज्ञापन से संबंधित संशोधित तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को अब नई तारीख का इंतजार करना होगा। आयोग की इस घोषणा के बाद उन हजारों अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई है, जो लंबे समय से शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे थे।
हालांकि, आयोग ने आवेदन स्थगित करने की वजह प्रक्रियात्मक बदलाव बताई है, यह फैसला शिक्षक भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अभ्यर्थियों के बीच चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच आया है। दरअसल, टीआरई-4.0 की परीक्षा प्रक्रिया, परीक्षा के स्वरूप और नकारात्मक अंकन समेत कई मुद्दों को लेकर अभ्यर्थी लगातार अपनी मांग उठा रहे हैं। पटना में भी शिक्षक अभ्यर्थियों ने इन मुद्दों को लेकर आंदोलन किया था।
अभ्यर्थियों की ओर से परीक्षा को लेकर कई मांगें रखी गई थीं। इनमें परीक्षा को एक ही चरण में आयोजित करने और एक अभ्यर्थी को एक ही परिणाम दिए जाने जैसी मांगें प्रमुख थीं। हाल ही में सरकार और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ आंदोलनकारी अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल की बातचीत भी हुई थी। बातचीत के बाद टीआरई-4.0 को एक ही चरण में आयोजित करने पर सहमति बनने की बात सामने आई थी। इसके बाद अभ्यर्थियों में भर्ती प्रक्रिया को लेकर उम्मीद जगी थी। अब आवेदन प्रक्रिया स्थगित होने से एक बार फिर नई तारीख और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।
टीआरई-4.0 के तहत कुल 32,388 पदों पर नियुक्ति होनी है। इनमें 3,847 पद प्राथमिक शिक्षकों, 8,563 पद माध्यमिक विद्यालय शिक्षकों, 3,877 पद माध्यमिक शिक्षकों और 16,101 पद वरिष्ठ माध्यमिक शिक्षकों के लिए निर्धारित हैं।
बीपीएससी की ओर से कहा गया है कि विज्ञापन से संबंधित आवेदन की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। नई तिथि जारी होने के बाद ही पंजीकरण और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी







