भोपाल, 19 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर), स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (बीएमएचआरसी) ने सीधी भर्ती के तहत ग्रुप-बी और ग्रुप-सी के खाली 66 पदों पर भर्ती के लिए अपनी वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।
बीएमएचआरसी की ओर से जारी कुल 66 रिक्तियों में ग्रुप-बी के 31 और ग्रुप-सी के 35 पद शामिल हैं। ग्रुप-बी के 31 पदों में इंजीनियर-सिविल का 1, ट्यूटर-नर्सिंग कॉलेज के 5, नर्सिंग ऑफिसर के 14, मेडिकल रिकॉर्ड ऑफिसर का 1, असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर के 2, वार्डन का 1, परफ्यूजनिस्ट ग्रेड-II का 1, डायटीशियन का 1, साइकियाट्री टेक्नीशियन का 1, मेडिकल सोशल वर्कर के 3 और असिस्टेंट एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर का 1 पद शामिल है।
ग्रुप-सी के 35 पदों में टेक्नीशियन-नॉन-मेडिकल के 2, टेक्नीशियन-मेडिकल के 16, फार्मासिस्ट का 1, स्टोर इंचार्ज का 1, स्टोर कीपर का 1, पर्सनल असिस्टेंट के 7, अटेंडेंट-मेडिकल के 6 और इंसिनरेटर ऑपरेटर का 1 पद शामिल हैं। वहीं, टेक्नीशियन-मेडिकल के 16 पदों में एनेस्थीसिया के 2, ब्लड ट्रांसफ्यूजन के 2, जीआई सर्जरी का 1, ऑप्थल्मोलॉजी का 1, सीएसएसडी का 1, मैनिफोल्ड के 3, पल्मोनरी मेडिसिन का 1, रेडियोग्राफर के 2 और पैथोलॉजी के 3 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 17 सितंबर की सुबह 10 बजे से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे बीएमएचआरसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि की शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। वहीं आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर की शाम 5 बजे तक तय की गई है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से पद से संबंधित विषय के अनुसार ग्रेजुएशन, पोस्ट-ग्रेजुएशन, डिप्लोमा, 10वीं के साथ आईटीआई सर्टिफिकेट, 12वीं उत्तीर्ण होने के साथ 2 वर्ष का डिप्लोमा आदि योग्यता होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 1 से 3 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 27 से 30 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी गई है।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी), पर्सनल असिस्टेंट पद के लिए स्किल टेस्ट, दस्तावेजों की जांच और मेडिकल फिटनेस के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेड्स की सैलरी पद के अनुसार 19,900 से 1,42,400 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसके अलावा कैंडिडटेस को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 590 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/महिलाएं और पूर्व-सैनिक को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है। कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए बीएमएचआरसी की आधिकारिक वेबसाइट पर संबंधित पदों के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/वीसी






