Advertisement banner

अजय राय ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के लिए नए सीईओ की नियुक्ति पर उठाए सवाल

अजय

लखनऊ, 2 सितंबर (आईएएनएस)। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किए जाने के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल नए सीईओ की नियुक्ति कर देना कोई बड़ी उपलब्धि नहीं है, जब तक कि कथित चढ़ावा मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती।

अजय राय ने कहा, "जो चढ़ावा चोर हैं, उनके खिलाफ क्या कार्रवाई हुई? क्या नए सीईओ चढ़ावा चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे? या भगवान के दरबार से जो पैसे गायब हुए हैं, क्या वे फिर से दान पात्र में आएंगे या रिकॉर्ड में वापस दर्ज होंगे?"

उन्होंने कहा कि सिर्फ किसी को सीईओ बना देने या किसी पद पर बैठा देने से वह इसे बड़ी उपलब्धि मानने को तैयार नहीं हैं। राय ने आरोप लगाया कि जिन लोगों पर चढ़ावे से जुड़े विवादों के आरोप लगे हैं, उनके खिलाफ जवाबदेही तय होनी चाहिए।

कांग्रेस नेता ने कहा, "जब तक उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, जो भगवान का पैसा खा गए, तब तक यह कदम अधूरा है। चंपत राय, अनिल मिश्रा, गोपाल राव और ट्रस्ट से जुड़े अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।"

अजय राय ने नए सीईओ की नियुक्ति पर भी सवाल उठाते हुए कहा, "ऐसा लगता है कि जो अनियमितताएं चल रही थीं, उन्हें अब एक अधिकृत व्यवस्था के तहत संचालित करने की कोशिश की जा रही है।"

उन्होंने यह भी कहा कि राम मंदिर जैसे धार्मिक संस्थान में प्रशासनिक अधिकारी की बजाय धार्मिक परंपराओं और आध्यात्मिक नेतृत्व से जुड़े व्यक्तियों को प्रमुख भूमिका दी जानी चाहिए थी।

अजय राय ने कहा कि वहां परम पूज्य शंकराचार्य जी से जुड़े लोगों द्वारा नामित व्यक्तियों को जिम्मेदारी दी जानी चाहिए थी। वहां धर्माचार्यों की नियुक्ति होनी चाहिए थी, सीईओ की नहीं।

बता दें कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बुधवार को बड़े बदलाव करते हुए पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का पहला सीईओ नियुक्त किया। इसके साथ ही स्वामी गोविंददेव गिरि को ट्रस्ट का महासचिव बनाया गया, जबकि महेश भगचंदका, मदन मोहन पांडेय और निर्मला यादव को नए ट्रस्टी के रूप में नियुक्त किया गया।

ट्रस्ट का कहना है कि पूर्व वायुसेना अधिकारी जितेंद्र मिश्रा के लंबे प्रशासनिक और नेतृत्व अनुभव का उपयोग मंदिर प्रशासन, वित्तीय प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए किया जाएगा।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी