Advertisement banner

एयर मार्शल संदीप थरेजा ने संभाली सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के महानिदेशक की कमान

एयर

नई दिल्ली, 1 सितंबर (आईएएनएस)। सशस्त्र बलों के जवानों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी अब एयर मार्शल संदीप थरेजा के कंधों पर होगी।

दरअसल, एयर मार्शल संदीप थरेजा ने मंगलवार को सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के महानिदेशक (डीजीएएफएमएस) के रूप में कार्यभार संभाल लिया। डीजी एमएस (एयर) के रूप में उन्होंने गगनयान मिशन को विशेष गति दी थी।

उन्होंने अंतरिक्ष यात्री के चयन और प्रशिक्षण से पहले किए जाने वाले एनालॉग प्रयोगों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 47वें डीजीएएफएमएस के तौर पर एयर मार्शल थरेजा रक्षा बलों के लिए व्यापक चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की देखरेख करेंगे।

उनका कार्यभार ऐसे समय में आया है जब सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा में बड़े बदलाव हो रहे हैं। इनमें सैन्य अभियानों के लिए चिकित्सा तैयारियों को मजबूत करना, सैन्य स्वास्थ्य सेवाओं का आधुनिकीकरण, डिजिटल स्वास्थ्य, चिकित्सा अनुसंधान एवं नवाचार, मानव संसाधन विकास तथा जवानों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रमुख प्राथमिकताएं हैं।

सशस्त्र बल चिकित्सा कॉलेज, पुणे के पूर्व छात्र एयर मार्शल संदीप थरेजा दिसंबर 1986 में आर्मी मेडिकल कोर में कमीशन हुए थे। वह प्रतिष्ठित चिकित्सक और गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट हैं। उन्होंने दिल्ली से मेडिसिन में एमडी और नई दिल्ली स्थित एम्स से गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी में डीएम की डिग्री हासिल की।

करीब चार दशक के शानदार सैन्य करियर में उन्होंने चिकित्सा, शिक्षा, सैन्य संचालन और प्रशासन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में 167 मिलिट्री अस्पताल के कमांडेंट, बेस अस्पताल दिल्ली कैंट में प्रशासन के प्रभारी ब्रिगेडियर और कमांडर ट्रूप्स तथा कमांड अस्पताल, सेंट्रल कमांड के कमांडेंट जैसे पद शामिल रहे। बेस अस्पताल दिल्ली कैंट में उनके कार्यकाल के दौरान कोविड-19 महामारी की चुनौती सामने आई। इस दौरान उन्होंने तेजी से बदलती और जटिल चिकित्सा तथा प्रशासनिक परिस्थितियों का प्रबंधन किया।

वहीं कमांड अस्पताल, लखनऊ की कमान संभालने के दौरान नए कमांड अस्पताल के निर्माण से जुड़ी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट रिकॉर्ड समय में तैयार की गई। एयर मार्शल थरेजा ने एएफएमसी पुणे के निदेशक और कमांडेंट के तौर पर भी चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान को मजबूत करने के लिए कई पहल कीं। उनके कार्यकाल में बीएचआईएसएम (भारत हेल्थ इनिशिएटिव फॉर सहयोग हित एंड मैत्री) क्यूब्स को मालदीव को प्रधानमंत्री द्वारा उपहार में दिया गया। उनके नेतृत्व में आपदा राहत और मानवीय सहायता के तहत जमैका, क्यूबा, श्रीलंका और म्यांमार को भी सहायता पहुंचाई गई।

मंगलवार को डीजीएएफएमएस का पदभार संभालने से पहले एयर मार्शल संदीप थरेजा ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी।

--आईएएनएस

जीसीबी/डीकेपी