Advertisement banner

आईजीआईएमएस-पटना में सीनियर रेजिडेंट के पदों पर भर्ती का मौका, 12 सितंबर को वॉक-इन इंटरव्यू

आईजीआईएमएस-पटना

पटना, 8 सितंबर (आईएएनएस)। इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस), पटना ने अपने नेत्र विज्ञान (ऑपथैल्मोलॉजी) विभाग में एड-हॉक आधार पर सीनियर रेजिडेंट के कुल 10 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इनमें जनरल का 1, ईबीसी के 3, बीसी का 1, एससी के 2, ईडब्ल्यूएस का 1, डब्ल्यूबीसी का 1 और एसटी का 1 पद शामिल हैं।

सीनियर रेजिडेंट के इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी आईजीआईएमएस-पटना के वेतनमान नियमों के अनुसार होगी।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास एनएमसी एक्ट की अनुसूची I और II में शामिल मेडिकल योग्यता, एनएमसी द्वारा मान्यता प्राप्त एमडी/एमएस ऑप्थल्मोलॉजी की पीजी योग्यता और उम्मीदवार का सेंट्रल/स्टेट मेडिकल काउंसिल में रजिस्टर्ड होना जरूरी है।

आवेदकों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 12 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

वॉक इन इंटरव्यू 12 सितंबर को सुबह 10 बजे से 'ऑफिस चैंबर ऑफ चीफ आरआईओ, न्यू आरआईओ बिल्डिंग, आईजीआईएमएस, पटना-14' पते पर आयोजित किए जाएंगे। वहीं उम्मीदवारों के लिए केंद्र पर रिपोर्ट करने का समय सुबह 9 से 9:45 बजे तक तय किया गया है। ऐसे में जो अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर पहुंचने और अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आईजीआईएमएस-पटना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन केंद्र पर ले जाएं।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने वाले उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा, जो जनरल के लिए 1,000 रुपए और एससी/एसटी के लिए 250 रुपए तय किया गया है।

--आईएएनएस

डीके/वीसी