Advertisement banner

मेडिकल कॉलेज और सीटों की संख्या बढ़ाकर आयुर्वेद का विस्तार करने का काम कर रही सरकार : प्रतापराव

मेडिकल

नई दिल्ली, 7 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने सोमवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि सरकार मेडिकल कॉलेजों और सीटों की संख्या बढ़ाकर आयुर्वेद का विस्तार करने के लिए काम कर रही है क्योंकि ज्यादा से ज्यादा लोग आयुर्वेदिक स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आयुर्वेद का प्रचार और प्रसार बड़े पैमाने पर हो रहा है। कई इंश्योरेंस कंपनियां भी इसको मान रही हैं और इसमें शामिल हुई हैं। केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) में भी इसके पैकेज लाए गए हैं। आम आदमी को इससे राहत मिले, इसके लिए हम आयुष्यमान भारत के माध्यम से ही इसके पैकेज सभी अस्पतालों में लाने की कोशिश कर रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही हमारी कोशिशों को सफलता मिल जाएगी।

देश में नए आयुर्वेदिक कॉलेज खुलने और सीटों की संख्या बढ़ाकर आयुर्वेद का विस्तार करने को लेकर उन्होंने कहा कि देश में कई नए आयुर्वेदिक कॉलेज खोले जा रहे हैं और जो पुराने कॉलेज हैं, जिनका इंफ्रास्ट्रक्चर सही है और जो एनसीआईएसएम (नेशनल कमीशन फॉर इंडियन सिस्टम ऑफ मेडिसिन) रूल के तहत काम कर रहे हैं, उनमें सीट बढ़ाने का काम किया जा रहा है। इसके साथ नए कॉलेजों को भी हमारी ओर से अनुमति दी जा रही है।

केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि हम इस वर्ष आयुर्वेद दिवस के अवसर पर 23 सितंबर को एक मुख्य कार्यक्रम नागपुर में हो रहा है, जिसमें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर और आयुर्वेद के क्षेत्र में सराहनीय काम करने वाले सभी वैद्यों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम की थीम 'स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद' रखी गई है, जो देश की समृद्ध आयुर्वेदिक विरासत को भविष्य की बदलती स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों से जोड़ने के विजन को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि सभी आयुर्वेदिक डॉक्टरों और कॉलेजों को उन्होंने यह आश्वस्त किया है कि वे गांव-गांव तक जाकर आयुर्वेदिक कैंप लगाएं, आयुर्वेद दिवस सभी जगह उत्साह के साथ मनाएं और आमजन तक आयुर्वेद की जानकारी पहुंचाने का काम करें।

--आईएएनएस

डीके/पीएम