चंडीगढ़: नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण देशभर के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। हरियाणा में लंबे समय तक गर्मी से हुई परेशानी के बाद लोगों को कुछ राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी हरियाणा में अधिकतर जगहों पर बादल छाए रहने और हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। आईएमडी के अनुसार शुक्रवार के साथ ही शनिवार और रविवार को भी मौसम में ठंडक बनी रहेगी। सोनीपत, पानीपत, करनाल, भिवानी, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला, कैथल, हिसार, फरीदाबाद, पलवल, जींद, चरखीदादरी जिलों और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं धूलभरी हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर गरज के साथ छिटपुट बूंदाबांदी या बौछारें होने की संभावना है।
बता दें कि पिछले 24 घंटे में हिमाचल , उत्तराखंड, असम और तमिलनाडु राज्यों में बारिश हो रही है, जिससे उत्तर-पश्चिम भारत में भी तापमान में कमी देखने को मिल रही है और लू का असर कम है।






