मुंबई, 3 सितंबर (आईएएनएस)। टीवी एक्ट्रेस रश्मि देसाई इन दिनों अपने नए शो 'सयानी' को लेकर काफी एक्साइटेड हैं। लंबे समय से शो की शूटिंग में बिजी रश्मि अब इसके दर्शकों तक पहुंचने का इंतजार कर रही हैं। हालांकि स्क्रीन पर अपनी नई कहानी और नए किरदार के साथ लौटने से पहले एक्ट्रेस ने अपने इस नए सफर को खास अंदाज में शुरू किया। रश्मि ने शूटिंग से कुछ वक्त निकाला और नीम करोली बाबा के दर्शन करने पहुंचीं। वहां उन्होंने बाबा का आशीर्वाद लिया और अपने नए प्रोजेक्ट की सफलता के लिए प्रार्थना की।
रश्मि ने कहा, ''मैं काफी समय से बाबा नीम करोली के दर्शन करने की प्लानिंग कर रही थी। अब जब 'सयानी' दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है, तो मुझे लगा कि इससे बेहतर समय नहीं हो सकता। शो की शूटिंग पिछले कुछ समय से चल रही है और इस दौरान पूरी टीम ने अपनी कड़ी मेहनत इस प्रोजेक्ट पर लगाई है। ऐसे में स्क्रीन पर शो के आने से पहले बाबा के दरबार में पहुंचकर आशीर्वाद लेना मेरे लिए बेहद सुकून भरा अनुभव रहा।''
एक्ट्रेस ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, ''मैं उस पल का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं, जब यह शो स्क्रीन पर नजर आएगा। मेरे लिए किसी भी शो की असली खुशी तब होती है, जब वह दर्शकों तक पहुंचता है और लोगों को पसंद आता है। मैं यह जानने के लिए भी काफी उत्साहित हैं कि 'सयानी' को दर्शकों से कैसा रिस्पॉन्स मिलता है।''
रश्मि ने कहा, ''नीम करोली बाबा के दर्शन करने से पहले मेरे मन में बस एक साधारण सी प्रार्थना थी। मैं चाहती थी कि मेरी यह नई जर्नी प्यार और पॉजिटिविटी से भरी रहे। कुछ शुरुआतें ऐसी होती हैं जो आशीर्वाद के साथ शुरू होने पर अपने आप ज्यादा खास महसूस होती हैं और मेरे लिए भी यह ऐसा ही एक पल था। दर्शन के बाद मुझे काफी शांति महसूस हुई और लगा कि इस नई शुरुआत के लिए इससे बेहतर तरीका शायद नहीं हो सकता था।''
'सयानी' की बात करें तो यह शो 23 सितंबर को स्टार प्लस पर प्रीमियर होने जा रहा है। शो को जियो हॉटस्टार पर भी देखा जा सकेगा।
--आईएएनएस
पीके/पीएम







