मुंबई, 16 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को अपना 76वां जन्मदिन मनाएंगे। जन्मदिन से पहले ही मनोरंजन के सितारों ने आईएएनएस के साथ बातचीत में उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दी और उनके लंबे व स्वस्थ जीवन की कामना भी की।
अभिनेत्री उपासना सिंह ने जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, "मोदीजी, मैं आपकी बहुत बड़ी फैन हूं। मैं भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं कि हमारे प्रधानमंत्री भारत जैसे देश में हुए और इतिहास रच दिया। उन्होंने इतने अच्छे काम किए हैं। मेरा तो यही मानना है कि अगर कोई व्यक्ति इतने समय तक प्रधानमंत्री है, तो उनमें कुछ तो बात है। मोदी हैं तो सब कुछ संभव है, मैं भी इस बात को मानती हूं।"
अभिनेत्री दीपशिखा नागपाल ने बताया कि पीएम मोदी का घर उनका ननिहाल है। उन्होंने कहा, "मैं बताना चाहती हूं कि वे जहां से हैं, वहां मेरे नाना का घर है यानी कि वो मेरा ननिहाल है। मैं मोदी जी को जन्मदिन की बधाई देना चाहती हूं, भगवान आपको तंदुरस्त रखे। हमेशा खुश रहें और ऐसे ही तरक्की करते रहें।"
अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर ने बताया कि वे प्रधानमंत्री मोदी की बहुत बड़ी फैन हैं। उन्होंने कहा, "मोदीजी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपने पिछले 25 साल से मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के पद पर रहकर बहुत अच्छा काम किया है। भारत को एक अच्छे मुकाम पर पहुंचाया है। जन्मदिन के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। भगवान आप पर बहुत कृपा बरसाए।"
अभिनेता बिंदु दारा सिंह ने प्रधानमंत्री के कार्य की तारीफ की प्रशंसा करते हुए कहा, " पीएम मोदी को हमारी तरफ से जन्मदिन की शुभकामनाएं। वो आगे भी ऐसे ही अच्छा काम करते रहें। हर रोज अच्छा काम करते हैं और अभी ब्रिक्स में अच्छा काम कर ही रहे हैं, लीडर कोई हो तो ऐसा हो, वर्ना न हो।"
इसके साथ ही अभिनेत्री दिव्या दत्ता और गायिका पलक मुच्छल ने आईएएनएस के साथ बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं दी हैं।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम







