logo
Advertisement banner

'ऑपरेशन सफेद सागर' के लिए मिहिर आहूजा ने मेकर्स की तारीफ में बांधे पुल, कहा- आप हीरा हो

ऑपरेशन सफेद सागर

मुंबई, 29 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेता मिहिर आहूजा वेब सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर' में फ्लाइंग ऑफिसर सी.एच. बाल रेड्डी (बाल्डी) के किरदार में नजर आ रहे हैं। शनिवार को अभिनेता ने सीरीज के सह-निर्माताओं अभिजीत सिंह परमार और महबूब पाल सिंह बराड़ की सराहना की।

अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर दोनों के साथ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें उन्होंने दोनों सह-निर्माताओं की सराहना की। इस पोस्ट के जरिए अभिनेता ने बताया कि यह सीरीज इन दोनों सह-निर्माताओं की मेहनत के कारण ही दर्शकों से सराहना बटोर रही है।

उन्होंने लिखा, "इन तस्वीरों में मेरे साथ वे लोग हैं, जिन्होंने इस शो को मुमकिन बनाया। अभिजीत सर, मुझे बाल्डी (फ्लाइंग ऑफिसर सी.एच. बाल रेड्डी) का किरदार निभाने के लिए शुक्रिया। सेट पर आप जिस तरह से समझाते हैं, उन्हीं निर्देशों ने मुझे बाल्डी बनाया। आपके शांत और प्यारे व्यवहार ने शो को इतना अच्छा बना दिया है।"

अभिनेता ने सह-निर्माता अभिजीत सिंह परमार के व्यवहार की तारीफ करते हुए कहा कि दर्शक इसलिए शो से जुड़ पा रहे हैं। क्योंकि अभिजीत सर ने सभी किरदारों में गर्मजोशी डाली है। उन्होंने लिखा, "इस शो को बनाते वक्त आपने बहुत कुछ झेला है, जिसे सिर्फ हम लोग ही जानते हैं। मुझे बहुत अच्छा लगता था जब आप कुछ सीन्स के बाद खुश होते थे और मुझे गले लगाकर कहते थे 'बाल्डी यार... रुला दिया' लव यू अभिजीत सर।"

अभिनेता ने सीरीज के सह-निर्माता महबूब पाल सिंह बराड़ को हीरो कहते हुए लिखा, "आप हर एक्टर के सपनों वाले प्रोड्यूसर हैं। आप सबसे मुश्किल शेड्यूल में इतने शांत रहते हैं। मुझे याद है वह किस्सा जब आपने मुझे बताया था कि एम्स्टर्डम एयरपोर्ट पर हमारा हाइड्रोलिक्स खो गया था, लेकिन फिर भी आपने कहा था 'हो जाएगा कोई बात नहीं'। जहां दूसरे ऐसे हालात में अपना आपा खो देते, वहां उसी स्थिति में आप हमेशा गिलास को आधा भरा हुआ देखते थे। आपकी इसी सकारात्मक सोच ने इस शो को वहां पहुंचाया, जिसका यह हकदार है। हर चीज के लिए शुक्रिया।"

उन्होंने आखिरी में लिखा, "अपने एक्टर्स और क्रू को परिवार की तरह रखने के लिए शुक्रिया। शुक्रिया कैप्टन। आप दोनों से बहुत जल्द बैडमिंटन कोर्ट पर मिलते हैं।"

--आईएएनएस

एनएस/एएस