मुंबई, 27 अगस्त (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता अमरीश पुरी के पोते और अभिनेता वर्धन पुरी ने रक्षाबंधन के मौके पर अपनी बड़ी बहन डॉ. साची पुरी के साथ बचपन की एक खास याद साझा की है। आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि बचपन में उनकी बहन ने एक खास तोहफा खरीदने के लिए गुल्लक में पैसे जमा किए थे। जब उनको यह बात पता चली तो वह परिवार के सामने ही भावुक होकर रो पड़े थे।
आईएएनएस से बात करते हुए वर्धन ने कहा, ''बचपन में मुझे टेनिस खेलना काफी पसंद था। मेरे पास एक टेनिस रैकेट था, जो गलती से टूट गया था। इसके बाद मुझे एक नया रैकेट चाहिए था। मेरी इस इच्छा के बारे में मेरी बड़ी बहन साची को पता था। उस समय साची ने परिवार से मिलने वाले पैसे खर्च करने के बजाय उन्हें अपनी गुल्लक में जमा करना शुरू कर दिया। वह लगातार पैसे बचाती रहीं, ताकि रक्षाबंधन पर मुझको मेरी पसंद का खास तोहफा दे सकें।''
वर्धन ने कहा, ''रक्षाबंधन के दिन साची ने मुझे एक टाइटेनियम टेनिस रैकेट दिया। उस समय यह रैकेट काफी महंगा था। मेरे लिए रैकेट की कीमत से ज्यादा मायने इस बात का था कि मेरी बहन ने मेरी छोटी-सी इच्छा को पूरा करने के लिए काफी समय तक पैसे बचाए थे। उस पल मैं भावनाओं पर काबू नहीं रख पाया और परिवार के सामने रोने लगा। मेरे लिए वह रक्षाबंधन आज भी बेहद खास है।''
अपनी बहन के साथ अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए वर्धन ने कहा, ''साची मेरे लिए सिर्फ बड़ी बहन नहीं हैं। वह मेरी 'छोटी मां' है। साची ने मुझे हमेशा संभाला, मेरी देखभाल की और मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। आज मैं जिस तरह का इंसान हूं, उसमें मेरी बहन का बहुत बड़ा योगदान है।''
वर्धन ने अपनी बहन को अपना सबसे बड़ा चीयरलीडर भी बताया। उन्होंने कहा, ''साची हमेशा मेरे साथ खड़ी रहती हैं और मेरे लिए सबसे ज्यादा खुश होती हैं। जब भी वह प्रार्थना करती हैं, तो सबसे पहले मेरे बारे में सोचती हैं। उनका प्यार बिना किसी शर्त वाला है। मेरा मेरी बहन के साथ रिश्ता बचपन से ही बहुत मजबूत रहा है और जिंदगी के हर पड़ाव पर उन्होंने मुझे किसी न किसी तरह से संभाला है।''
जब वर्धन से आईएएनएस ने पूछा कि वह अपनी बहन को कौन सी फिल्म समर्पित करना चाहेंगे, तो इसके जवाब में उन्होंने 'दिल धड़कने दो' का नाम लिया। बता दें कि रणवीर सिंह और प्रियंका चोपड़ा की इस फिल्म में भाई-बहन के रिश्ते को कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम







