मुंबई, 8 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री विजयेंद्र कुमेरिया, जिन्हें शो 'जूही मुई' में संयम के किरदार के लिए काफी सराहना मिली, उन्होंने शो के जल्द ऑफ-एयर होने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि 'जूही मुई' शुरू से ही एक सीमित एपिसोड वाली सीरीज (फाइनाइट सीरीज) के रूप में बनाई गई थी और उन्हें इस शो को मिले प्यार के लिए बेहद खुशी और आभार है।
'जूही मुई' का प्रीमियर इस साल जून में हुआ था। अब शो के बंद होने की घोषणा से दर्शक निराश हैं। विजयेंद्र ने बताया कि हाल ही में शो की शूटिंग पूरी हो चुकी है और इसका अंतिम एपिसोड भी शूट कर लिया गया है।
उन्होंने कहा, "हमारा शो शुरू से ही एक फाइनाइट सीरीज के रूप में बनाया गया था और मुझे लगता है कि इसकी कहानी अब अपने मुकाम तक पहुंच चुकी है। कुछ दिन पहले हमें बताया गया कि सभी एपिसोड और कहानी पूरी हो चुकी है। जैसे हर कहानी का एक सुखद अंत होता है, वैसे ही हमने भी अपने शो का अंतिम शूट पूरा किया है। इसलिए शो के खत्म होने को लेकर मुझे किसी तरह का कोई अफसोस नहीं है।"
विजयेंद्र ने आगे कहा, "मुझे बहुत खुशी है कि मैं इस शो का हिस्सा बना। सबसे अच्छी बात यह रही कि मेरे किरदार को दर्शकों का बहुत प्यार और सराहना मिली। लोगों ने इस किरदार को पसंद किया और शो से भी खुद को जोड़ा। इसके लिए मैं हमेशा दर्शकों का आभारी रहूंगा।"
विजयेंद्र ने बताया कि 'जूही मुई' की शूटिंग के दौरान कई यादगार पल बने, जिन्हें वह हमेशा संजोकर रखेंगे।
उन्होंने कहा, "बेशक इस शो से बहुत सारी यादें जुड़ी रहेंगी। हमने साथ में काफी समय बिताया, अलग-अलग एपिसोड पर काम किया और सेट पर कई खास पल साझा किए। इस सफर से हम सभी बहुत सारी खूबसूरत यादें लेकर जा रहे हैं। मुझे खुशी है कि मुझे इसका हिस्सा बनने का मौका मिला। शो के खत्म होने का मुझे बिल्कुल भी अफसोस नहीं है। मैं सिर्फ इस अनुभव, अपने साथ काम करने वाले लोगों और सबसे बढ़कर दर्शकों के प्यार के लिए आभारी हूं।"
--आईएएनएस
एएमटी/डीएससी







