मुंबई, 1 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेता अनुपम खेर फिल्मों से लेकर रंगमंच तक के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं। अभिनेता जल्द ही अपने लोकप्रिय नाटक 'जाने पहचाने अनजाने' के लिए यूएस और कनाडा जा रहे हैं। अभिनेता ने बताया कि यूएस जाने से पहले उन्होंने अपनी मां दुलारी के साथ कुछ समय बिताया।
मां के साथ बिताए गए यादगार पल को अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया, जिसमें मां दुलारी, भाई राजू और भाभी रीना नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने अपनी इस पोस्ट के जरिए इस बात पर जोर दिया कि जैसे-जैसे लोग जिंदगी के एक पड़ाव पर पहुंचते हैं, वे अक्सर अपने बचपन की यादों में खो जाते हैं।
अभिनेता ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, "अपने नाटक 'जाने पहचाने अनजाने' के लिए अमेरिका और कनाडा जा रहा हूं। दो महीने से पहले वापसी नहीं होगी, इसलिए सोचा मां को हंसते-हंसाते अलविदा कह दूं लेकिन मां के साथ कश्मीरी भाषा में बातचीत कहां से शुरू होकर कहां पहुंच जाएगी, इसका कोई भरोसा नहीं।"
अभिनेता ने बताया कि बढ़ती उम्र में अक्सर हमारी यादें बचपन के गलियारों में घूमती है। उन्होंने लिखा, "मां के साथ बातचीत उनके बचपन और चचेरे भाई-बहनों से शुरू हुई। उम्र के इस पड़ाव पर शायद इंसान अपने बचपन के गलियारों में ज्यादा घूमने लगता है क्योंकि वहां की यादें न बूढ़ी होती हैं और न ही उनका रंग फीका पड़ता है।"
अभिनेता ने बताया कि उनकी मां की बात बचपन से कब छोटे भाई राजू तक पहुंच गई पता ही नहीं लगा। उन्होंने लिखा, "मां की बात फिर अचानक राजू की रंगी हुई मूंछों तक पहुंच गई कि उसने मूंछ ठीक से धोई नहीं थी, तो वह बिल्कुल चार्ली चैप्लिन की काली मूंछ जैसी लग रही थी। भाभी उसकी सफाई दिए जा रही थीं, मां मेरी बात सुनने की कोशिश कर रही थीं और मैं समझने की कोशिश कर रहा था कि इस घर में असली विषय आखिर चल कौन सा रहा है।"
उन्होंने आखिरी में लिखा, "यही तो एक साधारण घर की असाधारण खूबसूरती है। एक साथ कई बातें, आवाजें, सफाइयां, थोड़ी हंसी, पुरानी यादें और ढेर सारा प्यार।"
--आईएएनएस
एनएस/पीएम







