मुंबई, 9 सितंबर (आईएएनएस)। फिल्ममेकर अली अब्बास जफर की साल 2011 में रिलीज हुई 'मेरे ब्रदर की दुल्हन' को 15 साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर अली अब्बास ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया और फिल्म को खास बताया।
फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए अली अब्बास जफर ने कैप्शन में लिखा, ''फिल्में बनाते हुए 15 साल हो गए हैं। यहीं से सब शुरू हुआ। पहली फिल्म हमेशा खास होती है।'
उन्होंने अपने इस पोस्ट में फिल्म से जुड़े कलाकारों को भी टैग किया।
अली अब्बास जफर की बतौर निर्देशक 'मेरे ब्रदर की दुल्हन' पहली फिल्म थी। फिल्म के निर्देशन के साथ उन्होंने इसकी कहानी भी लिखी थी। इससे पहले वह यशराज फिल्म्स के साथ सहायक निर्देशक के तौर पर काम कर चुके थे। 'झूम बराबर झूम', 'टशन', 'न्यूयॉर्क' और 'बदमाश कंपनी' जैसी फिल्मों में काम करने के बाद उन्हें अपनी कहानी पर्दे पर उतारने का मौका मिला।
अली अब्बास जफर का संबंध देहरादून से रहा है और फिल्म की कहानी का एक हिस्सा भी इसी शहर से जुड़ा था। फिल्म की कहानी कुश अग्निहोत्री के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार इमरान खान ने निभाया था। कुश के बड़े भाई लव अग्निहोत्री यानी अली जफर विदेश में अपना रिश्ता खत्म करने के बाद अपने लिए एक नई दुल्हन की तलाश की जिम्मेदारी छोटे भाई को सौंपते हैं। कुश अपने भाई के लिए लड़की तलाशते हुए अलग-अलग जगहों पर जाता है, लेकिन बात नहीं बनती।
इसी बीच अखबार में शादी का विज्ञापन देने के बाद उसकी मुलाकात डिंपल दीक्षित से होती है, जिसका किरदार कैटरीना कैफ ने निभाया था। डिंपल स्वभाव से बेबाक, मस्तमौला और अपनी ही धुन में रहने वाली लड़की है। कुश उसे पांच साल पहले कॉलेज के दिनों में मिल चुका होता है और अचानक उसे देखकर हैरान रह जाता है। इसके बावजूद वह अपने भाई लव और डिंपल की शादी करवाने के लिए तैयार हो जाता है। डिंपल भी लव से बातचीत के बाद इस रिश्ते के लिए हां कर देती है।
यहीं से कहानी में असली उलझन शुरू होती है, क्योंकि भाई के लिए दुल्हन तलाशने वाला कुश खुद उसी लड़की को दिल दे बैठता है। ऐसे में आगे क्या होता है, यही कहानी को दिलचस्प बनाता है।
फिल्म में इमरान खान, कैटरीना कैफ, अली जफर और तारा डिसूजा मुख्य भूमिकाओं में थे। परिक्षित साहनी ने कुश के पिता का किरदार निभाया था, जबकि कंवलजीत सिंह डिंपल के पिता की भूमिका में नजर आए थे। जॉन अब्राहम फिल्म में स्पेशल अपीयरेंस में थे।
'मेरे ब्रदर की दुल्हन' के गाने भी फिल्म की पहचान बने। 'धुनकी', 'मधुबाला', 'इश्क रिस्क' और 'मेरा ब्रदर की दुल्हन' जैसे गानें काफी पसंद किए गए।
--आईएएनएस
पीके/एएस







