logo
Advertisement banner

23 साल बाद भी लोगों के दिलों पर राज कर रही है अजय देवगन की 'गंगाजल', मेकर्स ने मनाया जश्न

23

मुंबई, 29 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेता अजय देवगन की फिल्म 'गंगाजल' ने अपनी रिलीज के 23 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर फिल्म के मेकर्स ने 23 साल पूरे होने का जश्न मनाया है।

प्रकाश प्रोडक्शन हाउस ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर रिलीज किया, जिसमें अभिनेता अजय देवगन अपने किरदार में नजर आ रहे हैं। साथ ही, उनका एक दिलचस्प सीन भी शामिल हैं।

मेकर्स ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "23 साल बाद भी, यह मास्टरपीस दिल को झकझोर देता है! 23 साल बाद भी, गंगाजल आज भी एक कड़वी और बेबाक याद दिलाता है कि जब सत्ता बेलगाम हो जाती है और इंसाफ को किनारे धकेल दिया जाता है, तो क्या होता है। फिल्म के किस हिस्से ने आपको सोचने और सवाल करने पर मजबूर किया?"

प्रकाश झा द्वारा निर्देशित फिल्म गंगाजल में अभिनेता अजय देवगन थे। फिल्म में अजय देवगन के अलावा, ग्रेसी सिंह, मोहन जोशी, यशपाल शर्मा और मुकेश तिवारी जैसे कलाकार नजर आए थे।

'गंगाजल' साल 2003 में रिलीज हुई एक चर्चित बॉलीवुड क्राइम ड्रामा फिल्म है, जिसे प्रकाश झा ने लिखा, निर्देशित और निर्मित किया था।

यह फिल्म साल 1980 के दशक में बिहार के भागलपुर में हुए वास्तविक 'आंख फोड़वा कांड' से प्रेरित है। कहानी एक काल्पनिक जिले 'तेजपुर' की है, जहां कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। भ्रष्ट राजनेता और अपराधी मिलकर पुलिस को लाचार बना देते हैं। अजय देवगन एक ईमानदार पुलिस अधिकारी (एसपी अमित कुमार) के रूप में आते हैं जो खराब सिस्टम को सुधारने की कोशिश करते हैं।

बताया जाता है कि फिल्म ने अभिनेता अजय देवगन के अभिनय सफर को नई दिशा दी थी।

इस फिल्म से पहले अजय देवगन को मुख्य रूप से एक्शन हीरो या रोमांटिक-कमर्शियल भूमिकाओं के लिए जाना जाता था। 'गंगाजल' में एक ईमानदार और गंभीर पुलिस अधीक्षक के किरदार ने उन्हें गंभीर और यथार्थवादी सिनेमा का चेहरा बना दिया था, जिसकी झलक भविष्य की फिल्मों जैसे 'सिंघम' में भी देखने को मिलती है। हालांकि, फिल्म ने दर्शकों के दिलों में छाप छोड़ने के साथ-साथ बॉक्सऑफिस में भी ताबड़तोड़ कमाई की थी।

--आईएएनएस

एनएस/डीएससी