नोएडा, 6 मई (आईएएनएस)। शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में चिल्ला रेगुलेटर (दिल्ली) से महामाया फ्लाईओवर होते हुए एम.पी.-3 मार्ग तक बन रही एलिवेटेड रोड परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है।
नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने बुधवार को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का स्थल निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, महाप्रबंधक (सिविल) एस.पी. सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक कपिल सिंह सहित उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के अधिकारी अपनी-अपनी टीमों के साथ मौजूद रहे।
अधिकारियों ने विधायक को परियोजना की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया और बताया कि अब तक लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। यह प्रगति निर्धारित लक्ष्य से भी आगे बताई जा रही है, जिस पर विधायक ने संतोष जताया। यह एलिवेटेड रोड परियोजना नोएडा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश सरकार की संयुक्त भागीदारी में तैयार की जा रही है। करीब 5.570 किलोमीटर लंबी इस छह लेन की सड़क को 892.75 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया जा रहा है।
इसका मुख्य उद्देश्य नोएडा और दिल्ली के बीच यातायात को सुगम बनाना और जाम की समस्या को कम करना है। परियोजना के तहत चिल्ला एलिवेटेड रोड को शहदरा ड्रेन के समानांतर आगे बढ़ाते हुए कालिंदी कुंज रोड को पार कर सेक्टर-94 के पास पुस्ता मार्ग से जोड़ने की योजना है।
इस कनेक्टिविटी के लिए आईआईटी रुड़की द्वारा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, इस एलिवेटेड रोड के पुस्ता मार्ग से जुड़ने के बाद दिल्ली के मयूर विहार से लेकर नोएडा के सेक्टर-150 तक का सफर अधिक सुगम हो जाएगा।
साथ ही, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए यातायात का एक हिस्सा इस नए मार्ग पर डायवर्ट किया जा सकेगा। इसके अलावा, पुस्ता मार्ग के सुदृढ़ीकरण की योजना भी प्रक्रिया में है, जिसके लिए एमओयू तैयार किया जा रहा है। परियोजना के पूरा होने के बाद नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा और लाखों लोगों को रोजाना जाम से राहत मिलेगी।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी
